अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने युद्ध समाप्ति के लिए रखी गयी ईरान की शर्तों को अस्वीकार कर दिया। इस भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण शेयर बाजार में मंगलवार को भारी गिरावट देखने को मिली है।
मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने युद्ध समाप्त करने के लिए रखी गयी ईरान की शर्तों को अस्वीकार कर दिया है। इससे खाड़ी में शांति की उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है। ईरान के साथ शांति वार्ता के ठप होने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है। इस भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को भारी गिरावट देखने को मिली है।
लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी गिरावट
BSE Sensex और NSE Nifty 50 आज एक बार फिर करीब 2% टूट गए। एक कारोबारी दिन पहले सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1.70% फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए थे। निफ्टी 23,400 के नीचे बंद हुआ जिससे बाजार ने एक अहम मनोवैज्ञानिक स्तर भी गंवा दिया। बाजार में चौतरफा गिरावट से निवेशकों को ₹9 लाख करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।
सेंसेक्स में 1456 अंकों की गिरावट, निफ्टी 23400 के नीचे आया
मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने के समय आज सेंसेक्स (Sensex) 1456.04 प्वाइंट्स यानी 1.92% की गिरावट के साथ 74,559.24 अंक पर और निफ्टी 50 (Nifty 50) 436.30 प्वाइंट्स यानी 1.83% की फिसलन के साथ 23,379.55 अंक पर पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में आज सेंसेक्स एक समय 1565.78 प्वाइंट्स गिरकर 74,449.50 और निफ्टी 50 भी 467.45 प्वाइंट्स फिसलकर 23,348.40 पर आ गया था। बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। NIFTY Bank 885 अंक गिरकर 53,555 के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में भी बड़ी कमजोरी देखने को मिली और मिडकैप इंडेक्स 1,554 अंक टूटकर 59,705 पर बंद हुआ।
रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया
मुद्रा बाजार में रुपये में गिरावट आज भी जारी रही। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 35 पैसे टूटकर 95.74 प्रति डॉलर तक गिर गया। रुपया आज 95.57 पर कमजोर खुला और कारोबार के दौरान यह 95.74-95.75 के स्तर तक भी फिसल गया था। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया दिन के दौरान 35 पैसे टूटकर 95.63/$ (अस्थायी) पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। रुपये की कमजोरी ने विदेशी निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है।
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता
पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद खत्म होने के कारण कच्चे तेल की कीमत में भी आज तेजी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 107 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 110-120 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड करती नजर आयीं। क्रूड में आयी इस आयी तेजी घरेलू ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का बैलेस शीट बिगाड़ सकती हैं।
एक दिन में निवेशकों के ₹10 लाख करोड़ स्वाहा
शेयर बाजार में आज की गिरावट से निवेशकों की पूंजी ₹10,22,819 करोड़ घट गई है। स्टॉक एक्सचेंज में चौतरफा हाहाकार के कारण बीएसई का मार्केट कैप आज ₹4,56,99,945.78 करोड़ पर आ गया। एक कारोबारी दिन पहले सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,66,58,569.684 करोड़ था।
बाजार में चौतरफा हाहाकार का माहौल
बीएसई पर आज 4410 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 869 शेयर चढ़कर बंद हुए तो 3412 में गिरावट रही जबकि 129 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 93 शेयर एक साल के हाई और 45 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 12 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 11 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
निफ्टी और सेंसेक्स के ज्यादातर शेयर लाल निशान में
बाजार की चौतरफा कमजोरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निफ्टी-50 में से 47 शेयर लाल निशान में बंद हुए। वहीं सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयरों में गिरावट रही। बैंक निफ्टी के 14 में से 12 शेयरों में बिकवाली हावी रही। सेंसेक्स पर सिर्फ एसबीआई ही आज ग्रीन जोन में बंद हुआ है। वहीं दूसरी तरफ आज सबसे अधिक गिरावट टेक महिंद्रा में रही।
लगातार चौथे दिन गिरावट से बढ़ी बेचैनी
लगातार चौथे कारोबारी सत्र में आई इस गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्लोबल अनिश्चितता ऊंचे कच्चे तेल के दाम और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार का सेंटीमेंट खराब है। खाड़ी में हालात ऐसे ही रहे तो इसमें जल्द सुधार की उम्मीद नहीं है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/california-mayor-eileen-wang-quits-after-fbi-china-agent-probe/204059