Last Updated:
Cancer Prevention tips by AIIMS: कैंसर बेहद खतरनाक बीमारी है लेकिन क्या आपको पता है कि 70 से 80 प्रतिशत कैंसर से बचा जा सकता है. यह बात हम नहीं बल्कि देश के सबसे बड़े अस्पताल एम्स के डॉक्टरों ने कही है. उन्होंने कहा है कि अगर समय रहते चेत जाए तो 70 से 80 प्रतिशत कैंसर से बचा जा सकता है. जिन लोगों को कैंसर हो चुका है, उनमें भी बचने की बहुत संभावना होती है. पर कैसे, आइए इसके बारे में जानते हैं.
एम्स के डॉक्टरों ने कैंसर से बचने के टिप्स बताएं. Photo: AI
Cancer Prevention Tips : भारत में तेजी से कैंसर के मामले बढ़ते जा रहे हैं. सरकारी आंकड़ों की मानें तो पिछले साल ही कैंसर के 15 लाख नए मामले सामने आए हैं. इनमें अकेले ब्रेस्ट कैंसर के 6 लाख मामले हैं. इसके बाद ओरल कैंसर के मामले सामने आते हैं. हम सब जानते हैं कि कैंसर बेहद खतरनाक बीमारी है. अगर किसी को कैंसर हो जाए तो पूरा परिवार सदमे में आ जाता है. पर आपको जानकर हैरानी होगी कि जितने लोगों को कैंसर होता है, उनमें से 70 से 80 प्रतिशत कैंसर से बचा जा सकता है. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कैंसर के डॉक्टरों ने यह बात कही है. आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा.
महिलाओं में ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर
एम्स नई दिल्ली में डिपार्टमेंट ऑफ मेडिकल ऑन्कोलॉजी के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अतुल बत्रा ने एक्स पोस्ट पर एक मैसेज में कहा है कि अगर कुछ बातों का ख्याल रखा जाए तो 70 से 80 प्रतिशत कैंसर के मामलों से बचा जा सकता है. इसका मतलब हुआ कि हर साल अगर 15 लाख कैंसर के मामले सामने आते हैं तो इनमें से 10.5 लाख कैंसर से बचा जा सकता है. उन्होंने कहा कि महिलाओं में सबसे ज्यादा ब्रेस्ट कैंसर होता है. इसके बाद सर्वाइकल कैंसर. अगर महिलाएं समय पर ब्रेस्ट कैंसर के लिए मेमोग्राफी और सर्वाइकल कैंसर के लिए पेप स्मीयर टेस्ट या अन्य स्क्रीनिंग टेस्ट कराती रहे तो इनमें से अधिकांश में कैंसर से बचा जा सकता है. इसके लिए स्क्रीनिंग बहुत जरूरी है. चाहे किसी में लक्षण है या नहीं, अगर वह समय-समय पर ये स्क्रीनिंग कराती रहती हैं तो एकदम शुरुआती दौर में बीमारी का पता लग जाएगा और उस स्थिति में इस कैंसर की कोशिकाओं को बहुत आसानी से हटाया जा सकता है. इस तरह अधिकांश महिलाओं में कैंसर के कारण होने वाली मौत को रोका जा सकता है. इतना ही नहीं अगर ब्रेस्ट में गांठ भी आ जाए और यह शुरुआती दौर में है तो भी इलाज से बहुत हद तक बचने की संभावना है. इसके लिए जल्द से जल्द इलाज कराना चाहिए. इसलिए देश में जागरुकता की जरूरत है. 40-45 साल की उम्र के बाद हर महिला को नियमित रूप से इन दोनों कैंसर के लिए स्क्रीनिंग कराना चाहिए. इससे न सिर्फ उनका भविष्य सही रहेगा बल्कि देश पर भी बोझ नहीं बढ़ेगा.
एम्स के एक्स पोस्ट से साभार.
पुरुषों को कैसे बचना चाहिए
डॉ. अतुल बत्रा ने बताया कि पुरुषों में सबसे ज्यादा ओरल कैंसर होता है. यानी मुंह, गले आदि में सबसे ज्यादा कैंसर होता है. इसके बाद लंग्स कैंसर होता है. इन दोनों कैंसर का संबंध तंबाकू और तंबाकू जनित चीजों के सेवन करने से होता है. अगर तंबाकू या तंबाकू से बनी चीजें, गुटखा, पान-सुपारी, जर्दा, सिगरेट या अन्य किसी चीज का सेवन नहीं किया जाए तो ओरल कैंसर का रिस्क बहुत कम हो जाता है. जितने ओरल कैंसर के मामले आते हैं, उनमें से अधिकांश ओरल कैंसर का संबंध तंबाकू या तंबाकू जनित पदार्थों से ही रहता है. उसी तरह लंग्स कैंसर के अधिकांश मामलों का कारण तंबाकू जनित पदार्थ और अल्कोहल से संबंधित रहता है. ऐसे में अगर इन चीजों का सेवन न किया जाए 80 से 90 प्रतिशत ओरल और लंग्स कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सकती है.
खराब लाइफस्टाइल भी जिम्मेदार
अन्य जितने तरह के कैंसर होते हैं, उनमें भी खराब लाइफस्टाइल का योगदान रहता है. आज अधिकांश लोगों का जीवन शिथिल हो गया. मतलब वे ज्यादातर काम बैठकर करते हैं. हमेशा बैठे रहने से शरीर शिथिल हो जाता है. शरीर शिथिल होने से खून का सर्कुलेशन सही तरीके से नहीं होता है और इससे कई तरह की दिक्कतें होती है. वहीं खराब खान-पान भी कैंसर के रिस्क को बढ़ा रहा है. प्रोसेस्ड फूड, फास्ट फूड, जंक फूड, पैकेटबंद चीजें, कलरफुल आर्टिफिशियल चीजें सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं. इसलिए इन चीजों का सेवन बंद कर नेचुरल चीजों का सेवन करने से भी कई तरह के कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है. वहीं तनाव भी कैंसर के रिस्क को बढ़ा देता है. कुछ कैंसर वंशानुगत होता है जिसे रोकना संभव नहीं है लेकिन समय पर इलाज बीमारी की गंभीरता से बचा सकता है.
करना क्या चाहिए
डॉ. अतुल बत्रा ने बताया कि कैंसर से बचने का सबसे बेस्ट तरीका है अर्ली डिटेक्शन. अर्ली का मतलब है चाहे आपमें कुछ लक्षण न दिखें इससे पहले आप समय-समय पर कैंसर के लिए आवश्यक जांच कराते रहे. डिटेक्शन का मतलब है स्क्रीनिंग. जैसे मेमोग्राफी, पेप स्मीयर कुछ टेस्ट कराते रहना चाहिए. वहीं जिन लोगों के घर में पहले से कैंसर की हिस्ट्री है, उन्हें रेगुलर स्क्रीनिंग की जरूरत है. इसके साथ ही आप नेचुरल लाइफस्टाइल का पालन करें. समय पर कुदरती तौर पर बना भोजन करें. भोजन में साग-सब्जी, फल, सीड्स आदि को शामिल करें. नियमित एक्सरसाइज करें. तनाव न लें और पर्याप्त नींद लें.
About the Author
With 20 years of extensive experience in Hindi journalism, Lakshmi Narayan is a distinguished media professional and digital team leader at Network18, managing edit…
और पढ़ें