नई दिल्ली. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. पिछले 23 दिनों में यह मूवी दुनियाभर में 1790 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है और भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है. हालांकि, इसे लेकर क्रिटिक्स के बीच ऐसी चर्चाएं भी चल रही हैं कि यह मेकर्स के लिए घाटे का सौदा साबित हुई है, क्योंकि ‘रामायण’ की दोनों फिल्मों का कुल बजट 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. लेकिन प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने साफ किया है कि फिल्म ने उन्हें नुकसान नहीं बल्कि फायदा ही हुआ है. इसके साथ ही उन्होंने क्रिटिक्स को भी करारा जवाब दिया है.
‘रामायण’ से फायदा हुआ या नुकसान?
प्रोड्यूसर ने यह भी दावा किया कि ‘रामायण’ से उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि उन्होंने मुनाफा ही कमाया है. उन्होंने कहा, ‘मैं दर्शकों से यही गुजारिश करूंगा कि वे इन सब बातों की परवाह किए बिना फिल्म देखें. टिकट की कीमत जो भी हो, बस फिल्म का आनंद लें. हमने इसे दुनिया के सामने गर्व के साथ पेश करने के लिए अपना दिल, जान और बेहतरीन तकनीक सब कुछ झोंक दिया है. जहां तक पैसों की बात है, तो भगवान राम का आशीर्वाद है कि हमें मुनाफा हुआ है, घाटा नहीं.’ इसी बातचीत के दौरान नमित ने फिल्म क्रिटिक्स पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें बिजनेस की समझ नहीं है.
क्रिटिक्स को बिजनेस की समझ नहीं
अपनी कंपनी ‘प्राइम फोकस लिमिटेड’ का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यह शेयर बाजार में लिस्टेड है और इसकी वैल्यू 20-25 करोड़ रुपये है. उन्होंने कहा, ‘अभी आप क्रिटिक्स से पूछेंगे कि मैंने पैसा कैसे कमाया, मेरी कंपनी का क्या टर्नओवर है, तो बेचारों को पता ही नहीं है. वो फिल्म के बारे में बोल सकते कि उन्हें क्या अच्छा लगा और क्या खराब. लेकिन उन्हें बिजनेस की समझ नहीं है.’ उन्होंने कहा कि उनके पास तीन दशकों का लंबा अनुभव है और 11,000 लोगों की टीम काम करती है. नमित ने आगे यह भी कहा कि जब ‘रामायण’ के एक्टर्स और डायरेक्टर तक खुद फिल्म के बिजनेस का हिसाब-किताब नहीं जानते, तो भला क्रिटिक्स को इसके बारे में कैसे पता होगा.
नितेश तिवारी ने ‘रामायण’ का किया डायरेक्शन
बताते चलें कि फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और उन्होंने श्रीधर राघवन के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है. इस फिल्म में लारा दत्ता, शोभना, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, अरुण गोविल और आदिनाथ कोठारे जैसे सितारों ने अहम भूमिक निभाई है. बॉक्स ऑफिस पर इसने उम्मीद से कहीं बढ़कर कमाई की है और लगातार बिजनेस कर रही है. वहीं, फिल्म का दूसरा पार्ट पहले 2027 में रिलीज होना था, जिसे अब आगे बढ़ाकर 2028 कर दिया गया है.