Last Updated:
Animal Park Update: रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ के क्लाइमैक्स में एक ऐसा मोड़ आया था, जिसने दर्शकों के मन में कई सवाल छोड़ दिए थे. अब इसी कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी है. फिल्म के डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि प्रभास की ‘स्पिरिट’ के बाद उनकी अगली मंजिल क्या होगी.
‘एनिमल पार्क’ साल 2023 में आई फिल्म ‘एनिमल’ की सीक्वल होगा. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी अगली फिल्म को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है. प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ के बाद वह रणबीर कपूर के साथ ‘एनिमल पार्क’ पर काम शुरू करेंगे. यह उनकी 2023 में आई फिल्म ‘एनिमल’ का सीक्वल है. खास बात यह है कि इस बार रणबीर कपूर एक नहीं, बल्कि दो किरदारों में नजर आ सकते हैं. वह रणविजय सिंह के साथ उसके हमशक्ल अजीज का रोल भी निभाएंगे. पहली फिल्म के आखिर में अजीज की एंट्री ने सीक्वल की कहानी को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी थी. अब संदीप रेड्डी वांगा ने खुद बता दिया है कि वह इस कहानी को आगे ले जाने की तैयारी में हैं.
संदीप रेड्डी वांगा ने पत्रकार फरीदून शहरयार (Faridoon Shahryar) के साथ बातचीत में अपनी अपकमिंग फिल्म को लेकर जानकारी दी. उनसे पूछा गया कि ‘स्पिरिट’ के बाद वह किस प्रोजेक्ट पर काम करेंगे. इस पर उन्होंने साफ कहा कि उनकी अगली फिल्म ‘एनिमल पार्क’ होगी.
‘स्पिरिट’ के बाद शुरू होगा ‘एनिमल पार्क’ पर काम
संदीप रेड्डी वांगा ने कहा, ‘मैं जल्द ही ‘एनिमल पार्क’ शुरू करूंगा. जैसे ही ‘स्पिरिट’ का काम पूरा होगा, मैं ‘एनिमल पार्क’ पर काम शुरू कर दूंगा.’ हालांकि, ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग कब शुरू होगी और यह सिनेमाघरों में कब रिलीज होगी, इसकी अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
रणबीर कपूर फिर बनेंगे रणविजय और अजीज
फिल्म की कहानी को लेकर भी निर्देशक ने दिलचस्प हिंट दिए हैं. पहले पार्ट ‘एनिमल’ के आखिर में अजीज की झलक दिखाई गई थी. सीक्वल में दो हमशक्ल भाइयों यानी रणविजय और अजीज के बीच बड़ी जंग देखने को मिलने वाली है. साल 2023 में रिलीज हुई ‘एनिमल’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी. इसमें रश्मिका मंदाना, तृप्ति डिमरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म में रणविजय और उसके पिता बलबीर सिंह के रिश्ते को दिखाया गया था. पिता के प्रति रणविजय का जुनून उसे हिंसा के रास्ते पर ले जाता है. फिल्म के एक्शन और कहानी को लेकर खूब चर्चा हुई थी.
‘एनिमल’ ने की थी 900 करोड़ से ज्यादा की कमाई
करीब 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली ‘एनिमल’ 2023 की चर्चित फिल्मों में शामिल रही. फिल्म के अंत में अजीज की एंट्री ने साफ संकेत दे दिया था कि रणविजय की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. अब दर्शकों को दोनों किरदारों के आमने-सामने आने का इंतजार है.
कमल हासन, ममूटी और चिरंजीवी पर भी बोले वांगा
इस इंटरव्यू के दौरान संदीप रेड्डी वांगा ने भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेताओं की भी जमकर तारीफ की. बातचीत में हॉलीवुड के मशहूर कलाकार रॉबर्ट डी नीरो और अल पचीनो का जिक्र आया. जब उनसे पूछा गया कि क्या इंडियन स्टार्स हॉलीवुड स्टार्स को अपना आदर्श मानते हैं. इस सवाल पर उन्होंने साउथ सिनेमा के तीन बड़े सुपरस्टार्स का नाम लिया. उन्होंने कमल हासन, ममूटी और चिरंजीवी के काम की मिसाल दी. संदीप वांगा ने कहा कि अगर इन तीनों के करियर को देखें तो इन्होंने हॉलीवुड के दिग्गजों से कहीं ज्यादा फिल्में की हैं. उन्होंने जितने तरह के किरदार निभाए हैं, वे किसी भी हॉलीवुड आइकन से ज्यादा हैं.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें