मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल में तेजी की वजह से भारतीय शेयर आज शुरूआती दौर में भारी उथल पुथल देखने को मिला। बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई।
मुंबई। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल में तेजी की वजह से भारतीय शेयर आज शुरूआती दौर में भारी उथल पुथल देखने को मिला। बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सेंसेक्स मंगलवार की क्लोजिंग 77,017.79 के मुकाबले 407 अंकों की तेजी के साथ 77,424.36 पर खुला। लेकिन यह शुरुआती तेजी ज्यादा देर टिक न सकी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी की वजह से दोपहर 12 बजे के आसपास बाजार में ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली हावी हो गयी और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों लाल निशान में फिसल गए।
अमेरिका-ईरान युद्ध समाप्ति की खबर से बाजार में जोश
इसी बीच अमेरिकी समाचार वेबसाइट “एक्सियोस” (Axios) की एक रिपोर्ट से शेयर बाजार में जोश भर दिया। AXIOS की एक रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर लगभग सहमत हो गए हैं। “एक्सियोस” की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने के लिए एक संभावित मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के करीब हैं। यह समझौता, जिसमें 14 बिंदु शामिल हो सकते हैं, परमाणु कार्यक्रम पर रोक और अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील की बात करता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोकने की घोषणा कर दी है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का शेयर बाजार पर असर
इस खबर के आने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 5-6% की गिरावट आई है। इस खबर का असर सीधे क्रूड ऑयल मार्केट पर दिखाई दिया और क्रूड के भाव गिरने लगे। 3 फीसदी टूटकर ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया। क्रूड की कीमतों में गिरावट आते ही भारतीय शेयर बाजार को भी पंख लग गये और स्टाक एक्सचेंज में सेंसेक्स 941 अंक उछलकर 77,959 पर पहुंच गया। इसी प्रकार निफ्टी भी उछलकर 24,331 के पार पहुंच गया।
सेंसेक्स और निफ्टी ने दर्ज की रिकॉर्ड बढ़त
सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के एक दिन कारोबार बंद होने के समय सेंसेक्स 940.73 अंक या 1.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,958.52 पर और निफ्टी 298.15 अंक या 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,330.95 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। मुद्रा बाजार में अमेरिकी डालर के मुकाबले भारतीय रुपये में आज सुधार हुआ है।
डॉलर के मुकाबले रुपये में दिखी 19 पैसे की मजबूती
रुपया सर्वकालिक निचले स्तर से 19 पैसे बढ़कर आज 94.99 पर पहुंच गया। मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 95.39-95.44 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। सेक्टर आधार पर देखें तो पावर, FMCG और एनर्जी सेक्टर को छोड़कर, बाकी सभी सेक्टरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। जिनमें ऑटो, मीडिया, प्राइवेट बैंक, PSU बैंक, रियल्टी, मेटल और फार्मा सेक्टर में 1-2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
निवेशकों की संपत्ति में ₹6 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा
स्टॉक मार्केट में आज की तेजी में निवेशकों की सम्पत्ति में ₹6 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ है। बुधवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,66,50,538.883 करोड़ था। इन शेयरों का मार्केट कैप आज ₹4,73,02,463.88 करोड़ पर पहुंच गया। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी ₹6,30,872.927 करोड़ बढ़ गई है।
बढ़त वाले शेयरों का रहा दबदबा
बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर आज 4394 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2862 शेयर मजबूत हुए तो 1365 में गिरावट रही जबकि 167 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 168 शेयर एक साल के हाई और 25 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 16 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 11 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
इंडिगो और एसबीआई चमके, रिलायंस-ओएनजीसी फिसले
सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में 21 ग्रीन जोन में आज बंद हुए हैं। आज सबसे अधिक तेजी इंडिगो, ट्रेंट और एसबीआई में रही। इसी प्रकार निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, श्रीराम फाइनेंस और एशियन पेंट्स शामिल थे। जबकि सबसे ज्यादा गिरावट ONGC,L&T, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड कॉर्प और NTPC में देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/vivek-ramaswamy-clinches-gop-nomination-for-ohio-governor/183171