अमेरिका – ईरान के बीच शांति की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय रुपया मजबूत होने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को सुस्ती देखने को मिली।
मुंबई। अमेरिका – ईरान के बीच शांति की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय रुपया मजबूत होने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को सुस्ती देखने को मिली। अमेरिका – ईरान के बीच संभावित डील की उम्मीद बढ़ने से ब्रेंट क्रूड की कीमतें $100 प्रति बैरल के नीचे आ गईं। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर भारतीय रुपये पर पड़ा और डॉलर के मुकाबले रुपया आज 25 पैसे बढ़कर ₹94.24 पर बंद हुआ। मार्केट में सभी पाजिटिव इंडिकेटरों के बावजूद भारी उतार चढ़ाव के बीच वैश्विक चिंताओं के चलते निवेशक आज मुनाफावसूली के मूड में नजर आये। नतीजा ये रहा कि बाजार बुधवार की तेजी बरकरार नहीं रख पाया और गुरुवार के सत्र में शेयर मार्केट के सभी बेंचमार्क इंडेक्स कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स 114 अंक फिसला, निफ्टी भी 24326 के स्तर पर हुआ बंद
स्टॉक मार्केट में गुरुवार को कारोबारी सत्र के अंत में, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 114 अंक या 0.15 प्रतिशत गिरकर 77,844.52 पर बंद हुआ, जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 4.30 अंक या 0.02 प्रतिशत गिरकर 24,326.65 पर सेटल हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में दोनों प्रमुख सूचकांकों में 1.2 प्रतिशत से अधिक की मजबूत तेजी दर्ज की गई थी। ब्रॉडर लेवल पर नजर डालें तो प्रमुख बेंचमार्कों से बेहतर प्रदर्शन किया, जिसमें निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.10 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। शेयर बाजार में भारी उतार चढ़ाव देखने को मिला। दिन में कारोबार के दौरान, सेंसेक्स 78,339.24 पर खुलकर 78,384.70 का इंट्रा-डे हाई तो 77,713.21 का लो बनाया। वहीं निफ्टी 24,398.50 पर खुलकर 24,482.10 का इंट्रा-डे हाई और 24,284 का लो बनाया।
भारतीय रुपया मजबूती के साथ बंद
स्टॉक मार्केट की तरह ही अंतररबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रुपया गुरुवार को 23 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹94.26 पर बंद हुआ। रुपया आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹94.77 पर खुला, जो इसके पिछले बंद भाव से 28 पैसे की गिरावट दर्शाता है। इंट्राडे कारोबार में, USD/INR जोड़ी ने अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले ₹94.90 का निचला स्तर और ₹94.08 का ऊपरी स्तर छुआ। अंत में रुपया ₹94.26 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद भाव से 23 पैसे की बढ़त दर्शाता है। बुधवार को, रुपया 69 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹94.49 पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के बेंचमार्क में 2.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 99 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। इससे भारतीय रुपये में आज मजबूती देखने को मिली।
गिरावट के बावजूद निवेशकों की संपत्ति में 2 लाख करोड़ का इजाफा
सेक्टर आधार मार्केट की गतिविधियों को देखें तो निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल, निफ्टी आईटी और निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी पीएसयू बैंक का प्रदर्शन कमजोर रहा। जबकि निफ्टी ऑटो, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी मेटल, निफ्टी मीडिया और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स बेहतर प्रदर्शन करते नजर आए। शेयर मार्केट में गिरावट के बावजूद निवेशकों ने आज एक दिन में करीब 2 लाख करोड़ रुपए कमाए। गुरुवार के कारोबारी सत्र में बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले सत्र में 473 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 475 लाख करोड़ रुपए हो गया।
निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स और लूजर्स
निफ्टी 50 पैक में एचडीएफसी लाइफ, बजाज-ऑटो, एमएंडएम, ग्रासिम, एनटीपीसी, अपोलो हॉस्पिटल, हिंडाल्को, कोटक बैंक और ओएनजीसी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जिनमें 3.5 प्रतिशत से 1 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। जबकि एचयूएल, टीसीएस, टाइटन, टेक महिंद्रा, आईटीसी, सन फार्मा और कोल इंडिया के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
गोदरेज इंडस्ट्रीज और डिफेंस शेयरों में जोरदार खरीदारी
गुरुवार को मजबूत तिमाही नतीजे पेश करने वाले शेयरों में तेजी दिखी। गोदरेज इंडस्ट्रीज का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया। कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे। इसके अलावा Craftsman Automation, Paytm, Polycab India, CarTrade Tech और Hero MotoCorp जैसे शेयरों में भी 3 फीसदी से लेकर 11 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। डिफेंस और कैपिटल गुड्स शेयरों में भी खरीदारी का माहौल बना रहा। तेजस नेटवर्क्स का शेयर करीब 15 फीसदी उछल गया। वहीं, BEML अपने नवंबर के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स यानी BHEL का शेयर भी रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ।
इन दिग्गजों के शेयरों में दिखी आज कमजोरी
गोदरेज कंज्यूमर, वॉकहार्ट और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वेदांता और KPIT टेक्नोलॉजीज के शेयर भी दबाव में रहे। फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंस में पिछली तेजी के बाद मुनाफावसूली देखने को मिली, जबकि ब्लू स्टार के शेयर में भी कमजोरी बनी रही। इसके अलावा हिमाद्री स्पेशियलिटी केमिकल, DCM श्रीराम, बिरलासॉफ्ट और NHPC जैसे शेयरों में भी गिरावट दर्ज हुई।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/pakistans-academic-crisis-higher-education-hit-by-economic-crunch/183476