चार राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में चुनाव के नतीजों से भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिला। आज की तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए।
मुंबई। अमेरिका-ईरान के बीच सुलह की उम्मीद बढ़ने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को मदद की पहल से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आज नरमी देखने को मिली है। इस बीच में चार राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में चुनाव के नतीजों से भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले दिन तेजी का माहौल देखने को मिला। आज की तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स 355 अंक चढ़ा, 24100 के पार पहुंचा निफ्टी
सोमवार को कारोबार बंद होने के समय सेंसेक्स (Sensex) 355.90 प्वाइंट्स यानी 0.46% की बढ़त के साथ 77,269.40 अंक और निफ्टी 50 (Nifty 50) 121.75 प्वाइंट्स यानी 0.51% के उछाल के साथ 24,119.30 पर बंद हुआ है। निफ्टी मिडकैप100 और स्मॉलकैप100 इंडेक्सेज में भी करीब 1-1% की तेजी आयी। भारतीय रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज भी गिरावट देखने को मिली। रुपया शुरुआती कारोबार में नौ पैसे टूटकर 94.93 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार की समाप्ति पर यह 39 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.23 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट से राहत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान और होर्मुज स्ट्रेट से फंसे हुए जहाजों को निकालने की पहल से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आज कुछ गिरावट दिखी। बीते शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था, लेकिन सोमवार को ये गिरावट के साथ 108 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। WTI Crude Price भी 101 डॉलर पर आ गया, जबकि Murban Crude Price 3.94 फीसदी की गिरावट के साथ 103.8 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था।
रियल्टी और मेटल शेयरों में दिखी खरीदारी
भारतीय शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। शुरूआती दौर में ही आज सेंसेक्स एक समय 77,910.75 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन फिर बाजार में ऊपरी स्तरों से बिकवाली हावी हो गयी और सेंसेक्स 76,939.54 अंक पर फिसला गया। सेक्टरों के आधार पर नजर डालें तो कारोबार के दौरान लगभग सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स ग्रीन जोन में रहे। हालांकि मुनाफावसूली के चलते बाद में निफ्टी आईटी करीब 1% टूट गया और निफ्टी पीएसयू बैंक भी रेड जोन में आ गया। लेकिन निफ्टी रियल्टी 2% से अधिक तो निफ्टी मेटल 1% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई का मार्केट कैप ₹4 लाख करोड़ के पार
शेयर बाजार में आयी तेजी से BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹4 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया है। पिछले गुरुवार 30 अप्रैल 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 4,63,01,247.225 करोड़ था। आज 1 मई 2026 को यह ₹4,67,33,159.61 करोड़ पर पहुंच गया। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी ₹4,31,912.385 करोड़ बढ़ गई है। बीएसई पर आज 4558 शेयरों में कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2607 शेयर मजबूत हुए तो 1735 में गिरावट रही जबकि 216 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 185 शेयर एक साल के हाई और 35 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 11 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 17 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
अडाणी ग्रुप और भेल चमके, एयरटेल और टीसीएस में दिखी गिरावट
स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयर में से 22 आज बढ़कर बंद हुए हैं। शेष आठ में गिरावट दिखी। आज बढत के स्थ बंद होने वाले शेयरों में BHEL और लौरस लैब्स ने क्रमशः 8.51 फीसदी, 6.99 फीसदी और 5.94 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी पोर्ट्स के शेयरों में भी क्रमशः 5.18 फीसदी और 5.15 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। सोना BLW, एवेन्यू सुपरमार्ट, मझगांव डॉक, कोफोर्ज और केफीन टेक क्रमशः 5.24 फीसदी, 4.57 फीसदी, 4.45 फीसदी, 3.70 फीसदी और 3.54 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे। आज सबसे अधिक गिरावट भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और टीसीएस में रही।
सोने और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट
भारतीय सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में आज मामूली गिरावट देखने को मिली है। आज 24 कैरेट सोना सस्ता होकर 1.48 लाख रुपये रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है और चांदी की बात करें तो यह 2.44 लाख रुपये प्रति किलो बिक रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/pojk-activist-amjad-ayub-mirza-slams-media-censorship-in-pogb-pojk/182499