पश्चिम एशिया में तनाव कुछ कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य में गतिरोध जारी रहने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने लगातार तीन कारोबारी सत्रों की भारी गिरावट के बाद जोरदार वापसी की है।
मुंबई। पश्चिम एशिया में तनाव कुछ कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य में गतिरोध जारी रहने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने लगातार तीन कारोबारी सत्रों की भारी गिरावट के बाद जोरदार वापसी की है। तीन दिन की गिरावट के बाद शेयरों में निचले स्तर से वैल्यू बाइंग की वजह से गिरावट का सिलसिला आज थम गया। शेयर बाजार में आयी तेजी से निवेशकों की सम्पत्ति में आज 7 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स-निफ्टी में मजबूती
कारोबार बंद होने के समय बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स आज 0.83 फीसदी या 639 अंक की बढ़त के साथ 77,303 पर बंद हुआ। इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 50 आज 0.81 फीसदी या 194 अंक की बढ़त के साथ 24,092 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 755.83 अंक तक ऊपर चढ़कर 77,420.04 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
हर सेक्टर में रही तेजी
सेक्टोरल आधार पर देखें तो सभी सूचकांक आज हरे निशान पर बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी निफ्टी फार्मा में 2.59 फीसदी दर्ज हुई। इसके अलावा, निफ्टी मीडिया में 2.38 फीसदी, निफ्टी आईटी में 2.26 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.88 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 1.62 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.51 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.40 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.02 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 2.44 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 2.41 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.57 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 1.68 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर में 1.89 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
VIX में गिरावट, रुपये में हल्की मजबूती
स्टॉक एक्सचेंज की अस्थरिता को मापने वाला और अक्सर डर का इंडेक्स कहलाने वाला इंडिया VIX करीब 5 प्रतिशत गिरकर 19 के स्तर पर आ गया। इंडेक्स में गिरावट से बाजार में अनिश्चितता में कमी और निवेशकों के आत्मविश्वास में सुधार का संकेत मिलता है। मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 0.06% तेजी के साथ 94.19 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 94.2475 पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल की ऊंची कीमतें अब भी चिंता का कारण
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अभी भी 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी हुई हैं, इसे लेकर बाजार में चिंता है। सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 2.53 प्रतिशत बढ़कर 107.9 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। हालांकि होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने की संभावनाओं को देखते हुए क्रूड में कुछ राहत की उम्मीद है।
निवेशकों की संपत्ति में ₹7 लाख करोड़ का इजाफा
शेयर बाजार में आई शानदार तेजी की वजह से निवेशकों के पोर्टफोलियों में भारी वृद्धि देखने को मिली। बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन 461 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 468 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यानी कि निवेशकों को आज 7 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है।
रिलायंस, सन फार्मा और इंफोसिस बने बाजार के हीरो
शेयर मार्केट में आज की इस तेजी के असली हीरो रिलायंस, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंफोसिस रहे। इन शेयरों ने बाजार को ऊपर खींचने में बड़ी भूमिका निभाई। सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। सन फार्मा में सबसे ज्यादा करीब 7 फीसदी तेजी आई। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक, बीईएल, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फिनसर्व में गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/tmc-mp-mitali-bag-attacked-in-hooghly/180353