Last Updated:
पिता धर्मेंद्र को खोने का दर्द बेटी ईशा देओल को आज भी होता है. आज उनकी पुष्यतिथि है. आज यानी 24 नवंबर के दिन ही उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था. अब उनकी पहली पुण्यतिथि पर ईशा भावुक हो गईं और बताया कि जिंदगी के हर बड़े फैसले, खासकर फिल्मों और करियर से जुड़ी बातों में उन्हें पिता की कमी कितनी खलती है. ईशा ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र हमेशा उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम रहे और आज भी उन्हें उनकी मौजूदगी का एहसास होता है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को इस दुनिया से गए पूरा एक साल हो गया है. आज भी वह लोगों के जहन में जिंदा हैं. आज भी परिवार के दिलों में उनकी यादें बसती हैं. 24 नवंबर को धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि के मौके पर उनकी बेटी और अभिनेत्री ईशा देओल अपने पिता को याद कर भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि पिता के जाने के बाद उनकी जिंदगी में एक ऐसा खालीपन आ गया है. (फोटो साभार:instagram@imeshadeol)
ईशा ने कहा कि उनके जाने से जिंदगी में जो खालीपन रह गया है, उसे कोई नहीं भर सकता. पाखासकर जब बात अपने करियर और फिल्मों से जुड़े फैसले लेने की आती है, तब उन्हें धर्मेंद्र की कमी सबसे ज्यादा महसूस होती है. ईशा देओल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि वह अपने हर नए प्रोजेक्ट और फिल्म से जुड़ी बात सबसे पहले अपने माता-पिता के साथ साझा किया करती थीं. उनके माता-पिता हमेशा उनके काम को लेकर उनका हौसला बढ़ाते थे और हर कदम पर साथ खड़े रहते थे. ईशा के मुताबिक, जब भी वह कोई फिल्म साइन करती थीं या किसी प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही होती थी, तो घर में इस बारे में जरूर चर्चा होती थी.
पिता को याद करते हुए ईशा ने कहा, ‘जब भी मैं कोई प्रोजेक्ट साइन करती थी या फिल्मों को लेकर बातचीत होती थी, तो मैं हमेशा अपने माता-पिता को बताती थी कि मैं क्या कर रही हूं. वे हमेशा मेरा साथ देते थे और मुझे सपोर्ट करते थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बातचीत के दौरान ईशा ने अपने हाथों के इशारों से यह भी जाहिर किया कि उन्हें आज भी अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है. वह कई बार बता चुकी हैं कि धर्मेंद्र उनके लिए कितने खास थे और उनकी जिंदगी के साथ-साथ करियर पर भी पिता का कितना गहरा असर रहा है.
(फोटो साभार इंस्टाग्राम imeshadeol)
बता दें कि धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में निधन हो गया था. वह दिसंबर में अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे. पिता के निधन के बाद ईशा ने सोशल मीडिया पर भी कई बार उन्हें याद किया. धर्मेंद्र के 90वें जन्मदिन पर उन्होंने एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपने और पिता के रिश्ते को सबसे मजबूत रिश्ता बताया था. उन्होंने लिखा था कि वे हमेशा साथ रहेंगे, चाहे स्वर्ग हो या धरती.
ईशा ने अपने पिता के प्यार, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को भी याद किया था. उन्होंने बताया था कि उन्हें अब भी पिता की बाहों में मिलने वाला सुकून, उनका हाथ पकड़ना, प्यार से नाम पुकारना, उनकी बातें, हंसी और शायरी बहुत याद आती है. ईशा ने यह वादा भी किया था कि वह अपने पिता की विरासत को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ आगे बढ़ाएंगी.
बॉलीवुड में ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र ने छह दशक से भी ज्यादा समय तक फिल्मों में काम किया. ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सत्यकाम’, ‘सीता और गीता’ और ‘फूल और पत्थर’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है. उनके परिवार में पहली पत्नी प्रकाश कौर से बेटे सनी देओल, बॉबी देओल और बेटियां विजेता व अजीता हैं. वहीं, हेमा मालिनी से उनकी दो बेटियां ईशा और अहाना हैं. (फोटो साभार:instagram@imeshadeol)
पिता को याद करने के साथ ही ईशा देओल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘प्रताप’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं. 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में उनके साथ अमित साध नजर आ रहे हैं. सचिन सराफ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ईशा ने पूनम का किरदार निभाया है, जो अमित साध के किरदार की पत्नी हैं. फिल्म में अमित साध एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है, लेकिन कहानी में आगे चलकर उसे जेल जाना पड़ता है. फिल्म में ईशा के अभिनय को दर्शकों से सराहना मिल रही है.