Last Updated:
IIT Delhi Orthopedic Plate Bending Machine: आईआईटी दिल्ली और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज ने हड्डियों के फ्रैक्चर के इलाज में धातु की प्लेट मोड़ने वाली ऑटोमेटेड मशीन विकसित की है. इसे प्रोफेसर सुनील झा ने बनाया है. जो कि आईआईटी दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में.
नई दिल्ली: आईआईटी दिल्ली ने हड्डियों के फ्रैक्चर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली धातु की प्लेटों को मोड़ने के लिए एक खास ऑटोमेटेड ऑर्थोपेडिक प्लेट बेंडिंग मशीन विकसित की है. इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब डॉक्टरों को ऑपरेशन के दौरान हड्डी के आकार के हिसाब से धातु की प्लेट को बार-बार हाथ से मोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी. मशीन डिजिटल डिजाइन के आधार पर प्लेट को पहले से सटीक आकार देगी. इस तकनीक को आईआईटी दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग और दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ ने मिलकर विकसित किया है.
इसे प्रोफेसर सुनील झा ने बनाया है. जो कि आईआईटी दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर हैं. मशीन की इंजीनियरिंग, ऑटोमेशन और डिजाइन विकसित करने में इनकी प्रमुख भूमिका है. इसके अलावा प्रोफेसर ललित मैन जो कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज दिल्ली के वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं. उन्होंने चिकित्सा और हड्डियों की सर्जरी से जुड़ी विशेषज्ञता के आधार पर इस तकनीक के विकास में योगदान दिया है.
अब कम हो जाएगा ऑपरेशन का वक्त
प्रोफेसर मनीष और उनके साथ के सदस्य लक्ष्मी नारायण ने बताया कि जब किसी व्यक्ति की हड्डी टूट जाती है, तो कई मामलों में डॉक्टर ऑपरेशन करके उस हड्डी को धातु की प्लेट और स्क्रू की मदद से जोड़ते हैं, लेकिन हर व्यक्ति की हड्डी का आकार और घुमाव अलग होता है. ऐसे में सीधी धातु की प्लेट को टूटी हुई हड्डी के आकार के अनुसार मोड़ना पड़ता है. अभी पारंपरिक तरीके में डॉक्टर विशेष हाथ के औजारों की मदद से प्लेट को मोड़कर सही आकार देते हैं.
इस मशीन के आने से टूटी हुई हड्डी की सीटी स्कैन रिपोर्ट से उसका आकार और बनावट समझी जाएगी. जहां कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की मदद से प्लेट का डिजिटल डिजाइन तैयार होगा. डिजाइन का डेटा मशीन में डाला जाएगा. जहां मशीन सीधी धातु की प्लेट को जरूरत के अनुसार मोड़ेगी. इसके अलावा तैयार प्लेट को फ्रैक्चर की सर्जरी में इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसका उद्देश्य प्लेट को पहले से सटीक आकार देना और ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की मैनुअल मेहनत कम करना है.
जानें मशीन की सबसे खास तकनीक क्या है
इस मशीन में तीन तरह की विशेष बेंडिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. पहले प्लेन में बेंडिंग-प्लेट को एक दिशा में मोड़ा जाता है. दूसरे प्लेन में बेंडिंग- प्लेट को दूसरी दिशा में मोड़ा जाता है. ट्विस्टिंग ऑपरेशन- प्लेट को जरूरत के अनुसार घुमाकर उसमें घुमाव दिया जाता है. इन तीनों प्रक्रियाओं को मिलाकर प्लेट को हड्डी की वास्तविक बनावट के अनुरूप आकार दिया जाता है.
इसमें चार मोटर आधारित अक्षों का इस्तेमाल किया गया है. इनमें तीन सर्वो मोटर अक्ष और एक स्टेपर मोटर अक्ष शामिल हैं. यह मशीन एक बार में प्लेट को मोड़ने के बजाय धीरे-धीरे कई चरणों में उसका आकार तैयार करती है. इस मशीन का लाइव प्रदर्शन दिल्ली ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के DOACON-2024 वार्षिक सम्मेलन में किया गया था.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें