नई दिल्ली: भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सुपरस्टार रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच आखिर ऐसा क्या है कि दोनों एक-दूसरे को देखकर रास्ता बदल लेते हैं. इसका मजेदार खुलासा खुद रवि किशन ने करण जौहर के शो कॉफी विद करण में किया है. अक्षय कुमार के साथ शो में पहुंचे रवि किशन ने बताया कि वह और मनोज तिवारी अक्सर फिल्मों के प्रीमियर में आमने सामने आने से बचते हैं. इतना ही नहीं, जब उनसे पूछा गया कि डूबती नाव में मनोज तिवारी और पवन सिंह में से किसे बचाएंगे, तो उनका जवाब सुनकर सब हंस पड़े.
साथ ही उन्होंने अपने बचपन और एक्टिंग की शुरुआत से जुड़ा एक ऐसा किस्सा भी सुनाया, जो आपको हैरान कर देगा.
मनोज तिवारी को देखकर छिप जाते हैं रवि किशन
करण जौहर ने शो में रवि किशन से पूछा कि अगर उन्हें किसी भोजपुरी फिल्म के प्रीमियर में जाना हो, तो वह किससे छिपेंगे और किससे मिलना चाहेंगे. इस पर एक्टर ने बिना देर किए मनोज तिवारी का नाम लिया. उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे को देखकर छिप जाते हैं. मनोज भी उन्हें देखकर बचते हैं और वह भी मनोज के सामने आने से बचते हैं. रवि के मुताबिक, दोनों आमने-सामने नहीं आना चाहते.
इसके बाद करण ने एक और मजेदार सवाल किया. उन्होंने पूछा कि अगर रवि किशन, मनोज तिवारी और पवन सिंह एक डूबती नाव में फंस जाएं, तो वह सबसे पहले किसे बचाएंगे. इस पर रवि ने पवन सिंह का नाम लिया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पवन को बचा लेंगे और मनोज को पवन बचा लेंगे. उनके इस जवाब ने बातचीत को और मजेदार बना दिया.
साड़ी पहनने पर पिता ने की थी पिटाई
शो में रवि किशन ने अपनी जिंदगी के शुरुआती दिनों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उनके पिता पुजारी थे और दूध का बिजनेस करते थे. पिता चाहते थे कि बेटा उनके काम में हाथ बटाए या सरकारी नौकरी की तैयारी करे. लेकिन रवि को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था. वह थिएटर किया करते थे.
एक्टर ने बताया कि एक बार रामलीला में उन्होंने साड़ी पहनकर परफॉर्म किया था. उनकी यह परफॉर्मेंस देखकर पिता बेहद नाराज हो गए. रवि के मुताबिक, पिता ने उन्हें चमड़े की बेल्ट से बहुत मारा और सवाल किया कि वह लड़कियों की तरह क्यों नाचना चाहते हैं. उस दौर में सिनेमा को भी बहुत सम्मान की नजर से नहीं देखा जाता था.
मां ने घर से भागने में की थी मदद
रवि किशन ने बताया कि पिता की नाराजगी के बाद उन्होंने उनसे कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते. लेकिन घर का माहौल उनके लिए मुश्किल हो गया था. उन्हें लगा कि परिवार की इज्जत खराब हो गई है और पिता उन्हें फिर मार सकते हैं. ऐसे में उनकी मां ने उनकी मदद की और उन्हें वहां से भागने में मदद की.
रवि किशन का यह किस्सा बताता है कि एक्टिंग की दुनिया में आने का उनका सफर आसान नहीं था. जिस काम को आज उनकी पहचान माना जाता है, उसे अपनाने के लिए उन्हें अपने ही घर में विरोध का सामना करना पड़ा था. वहीं, ‘कॉफी विद करण’ में मनोज तिवारी और पवन सिंह को लेकर उनके जवाबों ने शो में हंसी-मजाक का माहौल बना दिया.