आगरा: उत्तर प्रदेश में दीपोत्सव का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है. दीपावली से लेकर कई दिनों तक लोग आतिशबाजी करते हैं, लेकिन पटाखों की तेज आवाज और धुएं का सबसे ज्यादा असर बेजुबान जानवरों पर पड़ता है. खासकर घरों में रहने वाले पेट्स तेज आवाज से डर जाते हैं और तनाव में आकर खाना-पीना तक छोड़ सकते हैं. ऐसे में दिवाली के दौरान अपने पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. आगरा के वरिष्ठ पशु चिकित्सकों ने पेट्स को पटाखों के शोर और जहरीले धुएं से बचाने के लिए कुछ जरूरी टिप्स बताए हैं.
पटाखों की आवाज से पेट्स को होता है तनाव
आगरा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. संजीव नेहरू ने बताया कि पटाखों का शोर पालतू जानवरों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. कई बार अत्यधिक डर और तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ सकती है. आतिशबाजी के दौरान पेट्स को खुले में बिल्कुल नहीं छोड़ना चाहिए. उन्हें घर के किसी शांत कमरे में रखें. कमरे की लाइट धीमी रखें और हल्के संगीत का इस्तेमाल करें, ताकि बाहर पटाखों की आवाज का असर कम हो सके.
उन्होंने बताया कि पेट्स के कानों में रुई के छोटे गोले लगाए जा सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि उन्हें कान के अंदर गहराई तक न डालें. समय-समय पर उनकी स्थिति भी देखते रहें. जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की सलाह से दवाएं दी जा सकती हैं. बिना डॉक्टर की सलाह कोई दवा न दें. साथ ही उनके पास साफ पानी और पसंदीदा खाना रखें. डरने पर उन्हें डांटने के बजाय प्यार से संभालें.
पटाखों का धुआं सांस और आंखों को पहुंचा सकता है नुकसान
डॉ. संजीव नेहरू ने बताया कि दीपावली पर होने वाली आतिशबाजी सिर्फ इंसानों ही नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों की सेहत के लिए भी नुकसानदायक है. पटाखों से निकलने वाला जहरीला धुआं पेट्स के श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके संपर्क में आने से उन्हें सांस लेने में परेशानी, खांसी और अस्थमा जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
उन्होंने बताया कि आतिशबाजी के दौरान हवा में फैलने वाले बारीक कण आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण का कारण बन सकते हैं. कई बार धुएं के कारण पालतू जानवरों की आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में पेट्स के मालिकों को चाहिए कि आतिशबाजी के समय जानवरों को धुएं वाली जगह से दूर रखें और घर के अंदर सुरक्षित वातावरण में रखें. सांस लेने या आंखों में परेशानी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें.
पेट्स के पास रखें साफ पानी और पसंदीदा खाना
डॉ. संजीव नेहरू के मुताबिक, दीपावली पर पटाखों की तेज आवाज से डरने के कारण पेट्स की दिनचर्या प्रभावित हो सकती है. कई बार घबराहट में वे सामान्य से अधिक पानी पीने लगते हैं. ऐसे में जरूरी है कि जिस कमरे में उन्हें सुरक्षित रखा जाए, वहां पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में साफ और ताजा पानी उपलब्ध हो. इसके साथ ही उनका पसंदीदा भोजन भी पास में रखें, ताकि तनाव के बीच वे खाना-पीना न छोड़ें.
उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की सलाह से पेट्स को शांत रखने वाली दवाएं दी जा सकती हैं. हालांकि, बिना चिकित्सकीय परामर्श के कोई भी टैबलेट देना नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए दिवाली के दौरान पालतू जानवरों की सुरक्षा और सेहत का विशेष ध्यान रखें.