Last Updated:
Salt Water Benefits for Oral Health: नमक के पानी से कुल्ला करना मुंह की स्वच्छता बनाए रखने का एक आसान और लोकप्रिय घरेलू उपाय है. यह मुंह की बदबू कम करने, मसूड़ों को साफ रखने और कुछ परेशानियों में राहत देने में मदद कर सकता है. स्वस्थ दांतों और मसूड़ों के लिए अच्छी ओरल हाइजीन बनाए रखना बेहद जरूरी है.
नमक के पानी से कुल्ला करने से मुंह की बदबू दूर हो सकती है.
Is Salt Water Good for Oral Health: मुंह और दांतों की अच्छी सेहत केवल खूबसूरत मुस्कान के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है. अक्सर लोग दांतों की सफाई के लिए टूथब्रश और टूथपेस्ट का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय भी मुंह की स्वच्छता बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. डेंटिस्ट की मानें तो नमक के पानी से कुल्ला करना ओरल हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होता है. यह एक पुराना घरेलू उपाय है, लेकिन दांतों की सेहत सुधारने में कारगर होता है. कई समस्याओं से नमक का पानी राहत दिला सकता है.
दिल्ली के पीतमपुरा स्थित गुलाटी डेंटल एंड एस्थेटिक क्लीनिक के डेंटिस्ट डॉ. वैभव गुलाटी ने News18 को बताया जब नमक को गुनगुने पानी में मिलाकर उपयोग किया जाता है, तो यह मुंह और गले में मौजूद बैक्टीरिया के लिए असहज वातावरण बना देता है. इससे सूजन कम महसूस हो सकती है और मुंह की सतह पर जमी गंदगी हटाने में मदद मिलती है. यही कारण है कि इसे दांतों और गले की सामान्य समस्याओं में अक्सर सलाह दी जाती है. मुंह से आने वाली बदबू की एक बड़ी वजह बैक्टीरिया का बढ़ना होता है. नमक का पानी मुंह की सफाई में मदद कर सकता है, जिससे बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम हो सकते हैं. इससे सांसों में ताजगी महसूस हो सकती है और ओरल हाइजीन बेहतर बनी रहती है.
डॉक्टर के मुताबिक कई लोगों को मसूड़ों में सूजन, हल्का दर्द या खून आने की समस्या होती है. गुनगुने नमक के पानी से कुल्ला करने से मसूड़ों को शांत करने और सूजन कम करने में मदद मिल सकती है. यह खासकर शुरुआती स्टेज की समस्या में राहत देने वाला घरेलू उपाय माना जाता है. सर्दी-जुकाम या गले की खराश में नमक का पानी लंबे समय से उपयोग किया जाता रहा है. यह गले में जमा बलगम को ढीला करने और जलन को कम करने में मदद कर सकता है. कई डॉक्टर इसे शुरुआती वायरल संक्रमण में आराम देने वाला सपोर्टिव उपाय मानते हैं.
एक्सपर्ट की मानें तो एक गिलास गुनगुने पानी में लगभग आधा चम्मच नमक मिलाकर अच्छी तरह घोल लें. इस पानी से 20 से 30 सेकंड तक गरारे करें. इसे दिन में 1 से 2 बार किया जा सकता है. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा नमक का उपयोग न करें, क्योंकि इससे मुंह में सूखापन या जलन हो सकती है. नमक का पानी केवल एक सपोर्टिव घरेलू उपाय है. इसका इस्तेमाल किसी गंभीर दांत या गले की बीमारी के इलाज के विकल्प के रूप में नहीं करना चाहिए. अगर दर्द, सूजन या संक्रमण लंबे समय तक बना रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें