Last Updated:
साउथ के सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ ने सिनेमाघरों में इतिहास रच दिया है. रिलीज के चौथे हफ्ते में भी फिल्म का क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अपने 23वें दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त वापसी करते हुए अपनी कमाई के आंकड़ों में एक बहुत बड़ी छलांग लगाई है. वीकेंड पर सिनेमाघरों में उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़ के दम पर इस शानदार मूवी ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर एक नया मील का पत्थर हासिल करते हुए 300 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है.
नई दिल्ली. सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ जबरदस्त जलवा बिखेर रही है. फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है, लेकिन इसका क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा. फिल्म ने अपने चौथे शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी करते हुए कमाई के आंकड़ों में भारी उछाल दर्ज किया है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कम कारोबार कर रही ‘करुप्पु’ ने 23वें दिन यानी चौथे शनिवार को 1.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. यह आंकड़ा 22वें दिन की कमाई 83 लाख रुपये के मुकाबले 62.7 फीसदी ज्यादा है. फिलहाल यह फिल्म देशभर में अलग-अलग भाषाओं के 931 शोज में दिखाई जा रही है.
इस कमाई के साथ फिल्म का भारतीय नेट कलेक्शन 191.53 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, अगर भारत में ग्रोस कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 221.40 करोड़ रुपये को पार कर चुका है. फिल्म की इस रफ्तार को देखकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द ही 200 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘करुप्पु’ ने देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी का परचम लहरा दिया है. फिल्म ने अपनी रिलीज के 23वें दिन विदेशी बाजारों से 20 लाख रुपये का बिजनेस किया. इस आंकड़े के साथ फिल्म का कुल ओवरसीज ग्रोस कलेक्शन 80.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.
सबसे बड़ी बात यह है कि इस कमाई के साथ ‘करुप्पु’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है और अब इसका कुल ग्लोबल ग्रोस कलेक्शन 301.80 करोड़ रुपये हो चुका है. फिल्म की इस ब्लॉकबस्टर कामयाबी की नींव इसके पहले हफ्ते में ही रख दी गई थी, जब इसने धमाकेदार शुरुआत करते हुए शुरुआती 7 दिनों में 113.85 करोड़ रुपये का बंपर बिजनेस किया था.
इसके बाद के हफ्तों में भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखा. कमाई के इस पूरे गणित में फिल्म के तमिल वर्जन का दबदबा साफ नजर आ रहा है. 23वें दिन हुई कुल कमाई में अकेले तमिल वर्जन की हिस्सेदारी 1.25 करोड़ रुपये रही, जबकि तेलुगु वर्जन से फिल्म के खाते में 10 लाख रुपये आए. थिएटर ऑक्यूपेंसी की बात करें तो तमिल शोज में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसके दम पर फिल्म चौथे हफ्ते में भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है.
‘करुप्पु’ के तमिल वर्जन को 23वें दिन दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और सिनेमाघरों में कुल 41.12 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई. दिन की शुरुआत में मॉर्निंग शोज में यह आंकड़ा 12.55 प्रतिशत था, लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, थिएटर्स में दर्शकों की तादाद बढ़ती चली गई. हमेशा की तरह नाइट शोज में सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिला, जहां ऑक्यूपेंसी का ग्राफ 48.09 प्रतिशत तक पहुंच गया.
फिल्म के पिछले हफ्ते के बिजनेस की बात करें तो ‘करुप्पु’ ने अपने तीसरे हफ्ते में 21.20 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की थी. इसके बाद चौथे हफ्ते के पहले दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने 83 लाख रुपये बटोरे, लेकिन शनिवार आते ही इसके कलेक्शन में एक बड़ा उछाल देखने को मिला है. यह आरजे बालाजी के डायरेक्शन में बनी है.