अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर पूरी तरह सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किए जाएंगे। दोनों देशों के बीच समझौता होने के बाद बीते करीब चार महीने से चल रहे युद्ध का भी अंत हो जाएगा। ट्रंप ने शांति समझौते पर सहमति के साथ-साथ होर्मुज को भी तुरंत खोलने का ऐलान किया है। आइए जानते हैं ईरान अमेरिका डील की बड़ी बातें…
ट्रंप ने इस समझौते को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में बुनियादी बदलाव बताते हुए दावा किया कि डील पूरी तरह से तय हो चुकी है। ऐसे में अब मैं होर्मुज को टोल-फ्री खोलने और नौसैनिक ब्लॉकेड हटाने की मंजूरी देता हूं। इस ऐलान के साथ कई देशों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इस युद्ध के खत्म होने का सभी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
ट्रंप ने ईरान के साथ डील पर क्या कहा?
ईरान के साथ शांति समझौते की जानकारी देते हुए ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है। सभी को बधाई! मैं होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं और साथ ही, अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूं। दुनिया भर के जहाजों, अपने इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह शुरू होने दो!”
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी मेहर ने बताया कि समझौता कई शर्तों पर आधारित है। दोनों पक्षों के बीच 60 दिनों की गहन बातचीत के बाद यह समझौता तैयार हुआ है।
यह समझौता मिडिल ईस्ट के लिए शांति देने वाला माना जा रहा है। वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर इसके सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। दोनों पक्ष अब औपचारिक हस्ताक्षर समारोह की तैयारी में जुट गए हैं। इस डील पर आगामी शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में औपचारिक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।