Last Updated:
Fridge Leftovers Expiry: कई लोग बचा हुआ खाना फ्रिज में रख देते हैं और कई दिनों तक इस्तेमाल करते रहते हैं. एक्सपर्ट्स की मानें तो फ्रिज में खाना सही तरीके से स्टोर किया जाए, तो 3 से 4 दिन तक सुरक्षित रहता है. हालांकि इसे जितना जल्दी खा लिया जाए, उतना बेहतर माना जाता है. फ्रिज में खाना सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो यह कुछ घंटों में खराब हो सकता है.
फ्रिज में रखा खाना 2-3 दिन के अंदर खा लेना ही बेहतर है.
Food Safety in Refrigerator: गर्मी के मौसम में खाना जल्दी खराब हो जाता है और इससे बचने के लिए लोग बचा हुआ खाना फ्रिज में रख देते हैं. अगर लगातार बिजली चलती रहे, तो फ्रिज में खाना कई दिनों तक सुरक्षित रहता है. कई लोग फ्रिज में रखा खाना सप्ताह भर के बाद भी इस्तेमाल कर लेते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो फ्रिज में रखा खाना भी बहुत लंबे समय तक सुरक्षित नहीं रहता है. अगर बचे हुए खाने को सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो यह फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि अगर आप फ्रिज में खाना रखते हैं, तो उसे कितने दिनों में खा लेना चाहिए.
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर फिजीशियन डॉ. अनिल बंसल ने News18 को बताया गर्मी में खाना बनाने के बाद 2-3 घंटे के अंदर खा लेना चाहिए. पका हुआ खाना कमरे के तापमान पर 2-3 घंटे से ज्यादा नहीं रखना चाहिए. अगर खाना बच जाए, तो उसे जल्द से जल्द फ्रिज में रख देना चाहिए. अगर फ्रिज में सही तरीके से खाना स्टोर किया जाए और बिजली लगातार चलती रहे, तो खाना 3 से 4 दिनों तक सुरक्षित रहता है. इसके बाद उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है. इसके बाद फ्रिज में रखा खाना इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, वरना फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है.
जल्दी खराब हो जाते हैं ये फूड्स
एक्सपर्ट के मुताबिक पके हुए चावल को 1-2 घंटे के भीतर फ्रिज में रख देना चाहिए. इसे 3 दिनों के अंदर खा लेना बेहतर होता है. दाल और सब्जियां आमतौर पर 3 से 4 दिनों तक फ्रिज में सुरक्षित रहती हैं. खाने से पहले इन्हें अच्छी तरह गर्म करना जरूरी है. पका हुआ चिकन, मटन या अन्य नॉन वेज फूड्स को 3-4 दिनों तक फ्रिज में रखा जा सकता है. अगर ज्यादा समय तक ये चीजें स्टोर करनी हों, तो फ्रीजर का उपयोग करें. इसके अलावा दूध से बनी चीजें जैसे पनीर, कस्टर्ड या मिठाइयां जल्दी खराब हो सकती हैं. इन्हें 2-3 दिनों के भीतर खा लेना बेहतर होता है.
खराब खाने की पहचान कैसे करें
फ्रिज में खाना सही तरीके से स्टोर करने के लिए उसे ठंडा होने के तुरंत बाद एयरटाइट कंटेनर में रखें. फ्रिज का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम बनाए रखें. खाना बार-बार गर्म और ठंडा करने से बचें. कंटेनर पर तारीख लिखें, ताकि पता रहे कि खाना कब रखा गया था. अगर फ्रिज में रखे खाने का स्वाद खट्टा हो जाए या उसमें अजीब स्मेल आने लगे, तो उसे तुरंत फेंक देना चाहिए और उसका सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए. अगर खाने के रंग में बदलाव हो, चिपचिपी या असामान्य बनावट हो, फफूंदी दिखाई दे या बुलबुले दिख रहे हों, तो समझिए खाना खराब हो चुका है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें