Last Updated:
Best Dairy Food for Calcium: मजबूत हड्डियों के लिए कैल्शियम बेहद जरूरी है. दूध, दही और पनीर तीनों को कैल्शियम का अच्छा सोर्स माना जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो दूध और दही की तुलना में पनीर में कैल्शियम ज्यादा पाया जाता है. दही पाचन के लिए और दूध रोजमर्रा की पोषण जरूरतों के लिए बेहतरीन विकल्प हैं. मजबूत हड्डियों के लिए इन तीनों के साथ पर्याप्त विटामिन D, संतुलित आहार और एक्टिव लाइफस्टाइल भी बेहद जरूरी है.
दूध, दही और पनीर तीनों ही कैल्शियम का बेहतरीन सोर्स माने जाते हैं.
Milk vs Curd vs Paneer Calcium: कैल्शियम हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है. शरीर में कैल्शियम की कमी होने पर हड्डियां कमजोर हो सकती हैं, जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है और उम्र बढ़ने के साथ ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि दूध, दही और पनीर में से किसमें सबसे ज्यादा कैल्शियम होता है और हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए किसे अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो दूध, दही और पनीर तीनों कैल्शियम के अच्छे सोर्स हैं, लेकिन कैल्शियम की मात्रा और अवशोषण का तरीका अलग है.
गाजियाबाद के रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया दूध को सदियों से कैल्शियम का सबसे अच्छा सोर्स माना जाता है. एक गिलास दूध में अच्छी मात्रा में कैल्शियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस और विटामिन बी12 पाया जाता है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए दूध फायदेमंद माना जाता है. दूध की खास बात यह है कि इसमें मौजूद कैल्शियम शरीर आसानी से अवशोषित कर सकता है. यही कारण है कि हड्डियों और दांतों के विकास के लिए रोज दूध पीने की सलाह दी जाती है. हड्डियों को मजबूत करने के लिए भी दूध पीने की सलाह दी जाती है.
डाइटिशियन के मुताबिक दही भी कैल्शियम का अच्छा सोर्स है और यह दूध से ही बनाया जाता है. कुछ लोगों के लिए दही दूध की तुलना में ज्यादा फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इसमें प्रोबायोटिक्स मौजूद होते हैं, जो आंतों की सेहत को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. दही में मौजूद कैल्शियम हड्डियों के लिए उपयोगी होता है. इसके अच्छे बैक्टीरिया पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. जिन लोगों को दूध पचाने में दिक्कत होती है, वे अक्सर दही को बेहतर विकल्प के रूप में अपना सकते हैं.
एक्सपर्ट की मानें तो जब कैल्शियम की मात्रा की बात आती है, तो पनीर अक्सर दूध और दही से आगे निकल जाता है. पनीर दूध का डेंस रूप होता है, इसलिए इसमें कैल्शियम और प्रोटीन दोनों की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक होती है. पनीर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है, जो मांसपेशियों और हड्डियों दोनों को मजबूत रखना चाहते हैं. हालांकि इसमें कैलोरी और फैट की मात्रा भी ज्यादा हो सकती है, इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए.
डाइटिशियन का कहना है कि कई लोग कैल्शियम से भरपूर चीजें तो खाते हैं, लेकिन शरीर में विटामिन D की कमी होने के कारण कैल्शियम का पूरा लाभ नहीं मिल पाता है. विटामिन D शरीर को कैल्शियम अवशोषित करने में मदद करता है. इसलिए सुबह की धूप लेना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार विटामिन D युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना भी जरूरी है. अगर आप हड्डियों को मजबूत रखना चाहते हैं, तो सिर्फ एक चीज पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित आहार अपनाएं. दूध, दही और पनीर तीनों को अपनी डाइट में शामिल करें. इसके अलावा हरी पत्तेदार सब्जियां, तिल, बादाम, सोया प्रोडक्ट भी खाएं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें