Last Updated:
बॉलीवुड में कुछ सितारों को इंडस्ट्री में मौका पाने के लिए सालों तक इंतजार करना पड़ता है. लेकिन कुछ की किस्मत बैठे-बैठे ही चमक उठती है. उन्हीं में से एक हैं, जानी मानी एक्ट्रेस और मॉडल लीजा हेडन. जिन्हें कॉफी शॉप में बैठे-बैठे बड़ा ऑफर मिल गया था.
1 ही रोल से मिल गई बड़ी पहचान
नई दिल्ली. जानी मानी एक्ट्रेस लीजा हेडन फिटनेस और फिल्मों में निभाए अपने किरदारों के लिए जानी जाती हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके फिल्मी सफर की शुरुआत एक ऐसी मुलाकात से हुई थी, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी. एक कॉफी शॉप में बैठी लीजा पर एक अभिनेता और निर्माता की नजर पड़ी और यहीं से उनके बॉलीवुड सफर का रास्ता खुल गया.
लीजा हेडन का जन्म 17 जून 1986 को चेन्नई में हुआ था. उनका असली नाम एलिजाबेथ मैरी हेडन है. उनके पिता भारतीय मूल के मलयाली हैं, जबकि उनकी मां ऑस्ट्रेलियाई हैं. बचपन में लीजा ने भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में भी समय बिताया.
योग गुरु बनाना चाहती थीं एक्ट्रेस
लीजा हेडन का पढ़ाई के दौरान उनकी रुचि साइकोलॉजी में थी और वह आगे चलकर योग टीचर बनना चाहती थीं. कहा जाता है कि दोस्तों की सलाह पर उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा. शुरुआत में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में छोटे-छोटे विज्ञापनों के लिए काम किया. उनका पहला विज्ञापन एक स्ट्रेच मार्क क्रीम के लिए था. धीरे-धीरे लीजा को मॉडलिंग पसंद आने लगी और उन्होंने इसे करियर बनाने का फैसला किया.
भारत आते ही मॉडलिंग से मचा दिया तहलका
साल 2007 में वह भारत आ गईं, यहां उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग की। उनकी खूबसूरती, आत्मविश्वास और अलग अंदाज ने जल्द ही फैशन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बना दिया. वह साल 2011 में किंगफिशर कैलेंडर का हिस्सा बनीं, जिसे मॉडलिंग जगत में बड़ी एचीवमेंट माना गया. इसके अलावा, उन्होंने कई फैशन शो में रैंप वॉक भी किया और भारत की सबसे चर्चित मॉडलों में शामिल हुईं.
अनिल कपूर ने देखते ही बना दिया हीरोइन
उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्हें एक कॉफी शॉप में देखा गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता और निर्माता अनिल कपूर की नजर उन पर पड़ी. इसके बाद उन्हें फिल्म ‘आयशा’ में काम करने का मौका मिला. इसके बाद साल 2014 में आई फिल्म ‘क्वीन’ ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. फिल्म में कंगना की बेस्ट फ्रेंड के रोल से उन्हें बड़ी पहचान मिली. उनका विजयलक्ष्मी का किरदार आज भी लोग भूल नहीं पाए हैं. करियर में उन्होंने ‘क्वीन’ की सफलता के बाद ‘द शौकीन्स’, ‘हाउसफुल 3’, ‘संता बंता प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ जैसी फिल्मों में भी काम किया.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…और पढ़ें