पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच समझौता वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने के बावजूद खाड़ी में शांति बनी हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में भी यथास्थिति बनी हुई है।
मुंबई। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच समझौता वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने के बावजूद खाड़ी में शांति बनी हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में भी यथास्थिति बनी हुई है। नतीज़ा ये हुआ है कि भारतीय शेयर बाजार भी लगातार चार दिनों तक लाल निशान में रहने के बाद मामूली बढ़त के साथ लगभग फ्लैट बंद हुए। उतार-चढ़ाव भरे ट्रेडिंग सेशन के बाद आज बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। एक कारोबारी दिन पहले ₹10 लाख करोड़ से अधिक गंवाने के बाद आज निवेशकों की दौलत ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई।
सेसेंक्स 49 अंक चढ़ा, निफ्टी 23412 के स्तर पर बंद हुआ
बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 75,191.57 अंक तक के उच्च स्तर पर और 74,134.48 अंक तक निचले स्तर पर पहुंचा था। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 49.74 अंक यानी 0.07% की तेजी के साथ 74,608.98 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 33.05 अंक यानी 0.14% तेजी के साथ 23,412.60 अंक पर बंद हुआ। बाजार में रिकवरी जरूर आई, लेकिन निवेशकों में अभी भी सतर्कता बनी हुई है। इंडिया VIX यानी बाजार की अस्थिरता दिखाने वाला इंडेक्स बढ़कर 19.42 पर पहुंच गया। इसका मतलब है कि ट्रेडर्स अभी भी बाजार को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।
डॉलर के मुकाबले रुपये की ऐतिहासिक गिरावट
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले आज ऑल टाइम लो पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमत में तेजी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से रुपया डॉलर के मुकाबले 95.80 पर चला गया। हालांकि बाद में रुपया 95.58 के निचले स्तर पर आ गया।
आईटी और बैंकिंग शेयरों ने बढ़ाया दबाव
सेक्टरों के आधार पर नजर डालें तो आईटी सेक्टर ने आज 1% की अधिक गिरावट के साथ मार्केट को नीचे खींचने की कोशिश की। ऑटो और बैंकिंग शेयरों में आई कमजोरी ने बेंचमार्क इंडेक्स की बढ़त को सीमित कर दिया। लेकिन मेटल सेक्टर ने मार्केट को काफी हद तक संभाला जिसका निफ्टी इंडेक्स निफ्टी मेटल 3% से अधिक मजबूत हुआ। निफ्टी मेटल इंडेक्स 3 प्रतिशत से ज़्यादा उछला। वहीं तेल और गैस, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। ब्रोडर लेवल पर आज मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भी अच्छी रिकवरी दिखी और निफ्टी इंडेक्स उछल पड़े।
निवेशकों की पूंजी में ढाई लाख करोड़ की बढ़ोतरी
शेयर बाजार में आज की मामूली तेजी के बावजूद निवेशकों की पूंजी ₹2,72,470.56 करोड़ बढ़ गई है। एक कारोबारी दिन पहले मंगलवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,55,80,842.62 करोड़ था। लेकिन बुधवार को मार्केट में उठा-पटक में यह ₹4,58,53,313.18 करोड़ पर पहुंच गया। बीएसई पर आज 4369 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2407 शेयर चढ़कर बंद हुए। इस दौरान 1793 में गिरावट रही जबकि 169 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 90 शेयर एक साल के हाई और 56 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 8 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 9 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 गिरावट के साथ बंद
बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 शेयरों में से 16 गिरावट के साथ बंद हुए। टॉप गेनर्स में आज सेल, डिक्सन टेक्नोलॉजी और वोडाफोन-आइडिया ने क्रमशः 14.11 फीसदी, 9.73 फीसदी और 7.91 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। वेदांता और मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में भी क्रमशः 6.00 फीसदी और 5.56 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। इस दौरान एशियन पेंट्स में सबसे ज्यादा 4.37 फीसदी तेजी आई। टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, बीईएल, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, इंडिगो, आईटीसी और ट्रेंट में तेजी रही।
इन शेयरों में दर्ज हुई सबसे ज्यादा गिरावट
स्टॉक मार्केट में गिरकर बंद होने वाले शेयरों में मैक्स फाइनेंशियल, टाटा पावर, वन 97 पेटीएम, केफिन टेक और आयशर मोटर्स क्रमशः 3.37 फीसदी, 3.33 फीसदी, 2.84 फीसदी, 2.69 फीसदी और 2.17 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, बजाज फिनसर्व, इटरनल, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और मारुति में ज्यादा गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/indian-currency-slumps-to-9580-against-us-dollar/204423