Last Updated:
Can Excess Tea Harm Kidneys: चाय पीना ज्यादातर लोगों की रोज की आदत है, लेकिन ज्यादा चाय पीने से नुकसान हो सकते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ज्यादा कैफीन का सेवन और कम पानी पीने की आदत किडनी पर असर डाल सकती है. इससे किडनी फेलियर का खतरा नहीं होता है, लेकिन किडनी स्टोन का रिस्क बढ़ सकता है. ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है.
ज्यादा चाय पीने से किडनी स्टोन का रिस्क बढ़ सकता है.
Hidden Health Risks of Tea: चाय सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली ड्रिंक है. कई लोगों के दिन की शुरुआत चाय की चुस्की के साथ होती है और शाम होते ही फिर चाय पीने की तलब लगने लगती है. कुछ लोग सुबह, दोपहर, शाम और रात को भी चाय पीने के बाद ही सोते हैं. कई लोग दिन में 4 से 6 कप या उससे भी ज्यादा चाय पी लेते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि जरूरत से ज्यादा चाय पीने का असर आपकी किडनी पर भी पड़ सकता है? चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जरूरी बातें जान लेते हैं.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के वाइस चेयरमैन डॉ. अमरेंद्र पाठक ने News18 को बताया चाय एक ड्यूरेटिक ड्रिंक है. इसका मतलब है कि इसे पीने के बाद ज्यादा पेशाब आता है. ज्यादा मात्रा में चाय पीने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. खासकर अगर कोई व्यक्ति ज्यादा चाय पीता है और पानी कम पीता है, तब इसका असर किडनी पर देखने को मिल सकता है. किडनी शरीर से वेस्ट प्रोडक्ट्स को बाहर निकालने का काम करती है और इसके लिए पर्याप्त हाइड्रेशन जरूरी होता है. डिहाइड्रेशन की कंडीशन में किडनी फंक्शन पर बुरा असर पड़ता है.
यूरोलॉजिस्ट ने बताया कि केवल चाय पीने से किडनी खराब हो सकती है, ऐसा कहना सही नहीं है. ब्लैक टी में ऑक्सलेट नामक तत्व पाया जाता है. ऑक्सलेट की अत्यधिक मात्रा शरीर में जमा होकर कुछ लोगों में किडनी स्टोन बनने के खतरे को बढ़ा सकती है. जिन लोगों को पहले से किडनी स्टोन की समस्या रही है, उन्हें चाय की मात्रा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. पर्याप्त पानी पीना और संतुलित डाइट लेना इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है.
एक्सपर्ट के मुताबिक किडनी के अलावा अत्यधिक चाय का सेवन शरीर के अन्य हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है. ज्यादा कैफीन लेने से नींद में बाधा, बेचैनी, घबराहट, दिल की धड़कन तेज होना और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा दूध और चीनी वाली चाय का अधिक सेवन वजन बढ़ने और ब्लड शुगर कंट्रोल पर भी असर डाल सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स आमतौर पर दिन में 2 से 3 कप चाय को सुरक्षित मानते हैं. इससे ज्यादा चाय पीने से परहेज करना चाहिए.
डॉक्टर का साफ कहना है कि जिन लोगों को पहले से किडनी डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर, किडनी स्टोन, हार्ट डिजीज या नींद संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें चाय के सेवन को लेकर डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेनी चाहिए. गर्भवती महिलाओं को भी कैफीन की मात्रा कंट्रोल रखने की सलाह दी जाती है. आप चाय का आनंद लें, लेकिन संतुलन बनाए रखें और शरीर को पर्याप्त हाइड्रेशन देना न भूलें. सावधानी के साथ चाय पीने से आप कई समस्याओं से बच सकते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें