नई दिल्ली. साल 2003 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘चलते चलते’ का ‘तौबा तुम्हारे इशारे’ बेहद खूबसूरत और रोमांटिक गाना है. शाहरुख खान और रानी मुखर्जी पर फिल्माया गया यह गाना 2000 के दशक के उन चुनिंदा गानों में से एक है, जिसे सुनते ही चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है. इस गाने को अलका याग्निक और अभिजीत भट्टाचार्य ने अपनी मखमली आवाजों से सजाया था, और दोनों की जुगलबंदी ने इसे एक कल्ट रोमांटिक ट्रैक बना दिया. गाने का म्यूजिक जतिन-ललित की जोड़ी ने तैयार किया था और इसके प्यारे बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे. गाने की यूएसपी शाहरुख और रानी की लाजवाब ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री है. पूरे गाने में शाहरुख खान का सिग्नेचर रोमांटिक अंदाज और रानी मुखर्जी के कातिलाना एक्सप्रेशंस फैंस का दिल जीत लेते हैं.