नई दिल्ली: ओटीटी की पॉपुलर सीरीज ‘पंचायत’ ने अपनी सादगी, गांव की दिलचस्प कहानियों और मजेदार किरदारों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. इस सीरीज के साथ एक डायलॉग भी ऐसा जुड़ा, जिसे शायद ही कोई भूल पाया हो. ‘देख रहा है ना बिनोद…’ यह लाइन सुनते ही आपको बिनोद का चेहरा जरूर याद आ गया होगा. सीरीज में बिनोद का किरदार निभाने वाले अशोक पाठक ने अपनी शानदार एक्टिंग से इस किरदार को घर-घर में पहचान दिला दी. चाय और तंबाकू के शौकीन सीधे-सादे बिनोद को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि अशोक जहां भी जाते हैं, लोग उन्हें इसी नाम से पहचानते हैं.
अब वह ‘पंचायत 5’ में एक बार फिर बिनोद बनकर लौटने वाले हैं. हालांकि, एक्टर अब इस पहचान से आगे बढ़कर कुछ अलग करना चाहते हैं. वह नहीं चाहते कि उन्हें हमेशा गांव या छोटे शहरों के किरदारों में ही देखा जाए. हाल ही में एक इंटरव्यू में अशोक ने ‘पंचायत’ से मिली शोहरत, एक जैसे रोल मिलने की चुनौती और अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर खुलकर बात की है.
‘पंचायत’ ने बदल दी अशोक पाठक की जिंदगी
अशोक पाठक ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में बताया कि ‘पंचायत’ उनके लिए बेहद खास शो है. एक्टर के मुताबिक, हर कलाकार चाहता है कि उसका काम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और उसे दर्शकों का प्यार मिले. उन्होंने पहले भी फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया था. कुछ लोगों ने उनका काम देखा और पसंद भी किया, लेकिन ‘पंचायत’ ने उन्हें हर घर तक पहुंचा दिया.
अशोक ने कहा कि बिनोद के किरदार ने उन्हें एक अलग पहचान दी. इस शो के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया. अब लोग उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा बिनोद के नाम से भी जानते हैं. ‘पंचायत 5’ में एक बार फिर जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार नजर आएंगे. यह सीजन 3 दिसंबर को रिलीज होगा.
एक जैसे रोल मिलते हैं तो मना कर देते हैं
बिनोद के किरदार से मिली लोकप्रियता के बाद अशोक के सामने अब एक नई चुनौती है. उन्हें लगातार छोटे शहरों और गांवों से जुड़े किरदारों के ऑफर मिल रहे हैं. लेकिन एक्टर हर बार ऐसे रोल नहीं करना चाहते. उन्होंने बताया कि कई बार एक जैसे किरदार मिलते हैं तो वह बोर हो जाते हैं और कुछ ऑफर ठुकरा भी देते हैं.
अशोक का कहना है कि एक कलाकार के तौर पर वह कई तरह के रोल कर सकते हैं. वह ‘त्रिभुवन मिश्रा सीए टॉपर’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी अलग अंदाज दिखा चुके हैं. अब वह ऐसे किरदार करना चाहते हैं, जिनमें उन्हें कुछ नया करने और अपनी एक्टिंग के दूसरे पहलू दिखाने का मौका मिले.
ऋतिक रोशन ने भी की काम की तारीफ
अशोक पाठक जल्द ही प्राइम वीडियो की नई सीरीज ‘स्टॉर्म’ में नजर आएंगे. इस सीरीज को ऋतिक रोशन के HRX Films बैनर ने सपोर्ट किया है और इसे ‘तब्बर’ फेम अजीतपाल सिंह ने डायरेक्ट किया है. मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी इस थ्रिलर सीरीज में पार्वती तिरुवोथु, अलाया एफ, सृष्टि श्रीवास्तव, रामा शर्मा और सबा आजाद भी नजर आएंगी.
अशोक ने बताया कि ‘स्टॉर्म’ में उनका किरदार बिनोद से बिल्कुल अलग है. वह इसमें हरियाणवी शख्स का रोल निभा रहे हैं. एक्टर ने यह भी बताया कि ऋतिक रोशन ने उनकी सीरीज ‘त्रिभुवन मिश्रा सीए टॉपर’ देखी थी. जब दोनों की मुलाकात हुई तो ऋतिक ने उनके काम की खूब तारीफ की. अशोक के लिए यह काफी खास पल था. अब देखना होगा कि बिनोद के बाद उनका यह नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है.