देश में ऐसे कई लोग हैं जो राजनेताओं और अभिनेताओं को देवी-देवताओं का स्थान देकर उनके मंदिर बनवा रहे हैं और बाकायदा उनकी आरती-पूजा करते हैं। सचिन तेंदुलकर, रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी जैसे चर्चित चेहरों के मंदिर बनाए जाने की ख़बरें अक्सर सामने आती रहती हैं। हालाँकि, किसी जीवित या साधारण मनुष्य को भगवान का दर्जा देकर उसकी पूजा करना सनातन और हिंदू धर्म की मूल मान्यताओं के विपरीत है। धर्म के जानकारों के अनुसार, यह प्रवृत्ति वैचारिक और मानसिक पतन को दर्शाती है। वर्तमान में ‘नरेंद्र मोदी चालीसा’ जैसे विषय भी चर्चा में हैं। आइए समझते हैं कि व्यक्ति-पूजा का यह अंधविश्वास किस तरह हिंदू धर्म की मर्यादा और परंपराओं को नुकसान पहुँचा रहा है।”
हिंदू शास्त्रों में केवल देवी, देवता, भगवती और भगवान की पूजा-उपासना का ही विधान बताया गया है। शास्त्रों के अनुसार, किसी गुरु, साधु-संत या पूर्वजों (पितरों) की पूजा को भी तामसिक पूजा की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा, किसी भी राजा या साधारण मनुष्य की पूजा करना धर्म के सिद्धांतों के पूर्णतः विपरीत माना जाता है। यद्यपि व्यक्ति-पूजा और विशेषकर जीवित व्यक्तियों की पूजा का प्रचलन प्राचीन काल से चला आ रहा है, किंतु शास्त्र सम्मत दृष्टिकोण से इसे सदैव अनुचित और धर्म-विरुद्ध ही ठहराया गया है।
शिरडी के साईं बाबा की पूजा का विरोध इसी संदर्भ में था। साईं चालीसा, आरती, वंदना, पूजा आदि सभी को लेकर सनातनी हिंदुओं का आरोप था कि यह सनातन धर्म की प्रतिष्ठा गिराने और छवि को खराब करने वाला कृत्य है। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने वर्ष 2016 में साईं बाबा को भगवान की तरह पूजने और हिंदुओं के हर मंदिर में उनकी मूर्ति स्थापित करने का कड़ा विरोध किया था।
16 कलाएं और मानव चेतना:
16 कलाओं की चेतना होती है। साधारण मानव में 5 कला की और सभ्य तथा संस्कृति युक्त समाज वाले मानव में 6 कला की अभिव्यक्ति होती है। 8 कलाओं से युक्त वह ऋषि, मुनि, संत और महापुरुष होते हैं। मनुष्य की देह 8 कलाओं से अधिक का तेज सहन नहीं कर सकती। 9 कला धारण करने के लिए दिव्य देह की आवश्यकता होती है। सभी देवी और देवताओं 10 से 11 लेकिन श्रीराम 12 और श्रीकृष्ण 16 कलाओं से युक्त योगी थे। इसलिए हिंदू धर्म में 9 कला से ऊपर की चेतना की ही पूजा, भक्ति और आराधना का विधान है।
मृतकों की पूजा (जैसे पूर्वज, भूत, पीर फीकर, संत पूजा):
”हिन्दू धर्म में मृतकों, भूतों की उपासना करने को तामसी (निकृष्ट) बताया है और केवल ईश्वर की शरण में जाने को कहा है।”:-
यजन्ते सात्त्विका देवान्यक्षरक्षांसि राजसाः।
प्रेतान्भूतगणांश्चान्ये यजन्ते तामसा जनाः॥- अध्याय 17, श्लोक 4 (अध्याय: श्रद्धात्रयविभागयोग)
सात्त्विक (सद्गुणी) स्वभाव वाले लोग देवताओं की पूजा करते हैं। राजसी (भोग और कामनाओं से युक्त) स्वभाव वाले लोग यक्षों और राक्षसों की पूजा करते हैं। और जो तामसी (अज्ञानी, आलसी या अंधविश्वासी) स्वभाव के लोग हैं, वे प्रेतों और भूत-गणों को पूजते हैं।
जो जिसको पूजता है वह उसी की गति या लोक में जाता है:-
यान्ति देवव्रता देवान्पितृन्यान्ति पितृव्रताः।
भूतानि यान्ति भूतेज्या यान्ति मद्याजिनोऽपि माम्॥- अध्याय 09, श्लोक 25 (अथ नवमोऽध्यायः- राजविद्याराजगुह्ययोग)
अर्थ: देवताओं को पूजने वाले देवताओं को प्राप्त होते हैं, पितरों को पूजने वाले पितरों को प्राप्त होते हैं, भूतों को पूजने वाले भूतों को प्राप्त होते हैं और मेरा पूजन करने वाले भक्त मुझको ही प्राप्त होते हैं। इसीलिए मेरे भक्तों का पुनर्जन्म नहीं होता॥
सिर्फ परेश्वर परब्रह्म की पूजा ही सर्वश्रेष्ठ है:-
तमेव शरणं गच्छ सर्वभावेन भारत।
तत्प्रसादात्परां शान्तिं स्थानं प्राप्स्यसि शाश्वतम्॥- अध्याय 18, श्लोक 62 (अथाष्टादशोऽध्यायः- मोक्षसंन्यासयोग)
अर्थ: (हे अर्जुन!) तुम पूर्ण रूप से उसी एक ईश्वर की शरण में जाओ। हे भारत (अर्जुन)! अपने पूरे भाव, मन, बुद्धि और समर्पण के साथ (बिना किसी संशय के)। उसकी कृपा से ही तुम्हें परम शांति प्राप्त होगी। और तुम उस परम, अविनाशी (शाश्वत) धाम को प्राप्त करोगे।
अभ्यासयोगयुक्तेन चेतसा नान्यगामिना ।
परमं पुरुषं दिव्यं याति पार्थानुचिन्तयन् ॥ – अध्याय 08, श्लोक 08 ( अथाष्टमोऽध्यायः- अक्षरब्रह्मयोग )
अर्थ: हे पार्थ! यह नियम है कि परमेश्वर के ध्यान के अभ्यास रूप योग से युक्त, दूसरी ओर न जाने वाले चित्त से निरंतर चिंतन करता हुआ मनुष्य परम प्रकाश रूप दिव्य पुरुष को अर्थात परमेश्वर को ही प्राप्त होता है॥8॥
आब्रह्मभुवनाल्लोकाः पुनरावर्तिनोऽर्जुन ।
मामुपेत्य तु कौन्तेय पुनर्जन्म न विद्यते ॥ – अध्याय 08, श्लोक 16 ( अथाष्टमोऽध्यायः- अक्षरब्रह्मयोग )
अर्थ: हे अर्जुन! ब्रह्मलोकपर्यंत सब लोक पुनरावर्ती हैं, परन्तु हे कुन्तीपुत्र! मुझको प्राप्त होकर पुनर्जन्म नहीं होता, क्योंकि मैं कालातीत हूँ और ये सब ब्रह्मादि के लोक काल द्वारा सीमित होने से अनित्य हैं॥16॥
ईश्वर-पूजा बनाम अन्य पूजा:-
हिंदू शास्त्रों के अनुसार केवल एक परमेश्वर/ब्रह्म की पूजा ही सर्वोपरि है। ग्रह-नक्षत्र, वृक्ष, नदी, प्रेत, गुरु या जीवित मनुष्यों की पूजा करना ‘व्यक्ति-पूजा’ के अंतर्गत आता है, जो धर्म में वर्जित है।
समाधि, दरगाह और छत्रियाँ: संतों की समाधि या राजाओं की छतरियों पर पूजा-आरती करना या दरगाहों पर माथा टेकना शास्त्र-सम्मत नहीं है। ये स्थल श्रद्धा या इतिहास के प्रतीक (स्मारक) तो हो सकते हैं, किंतु देव-स्थान नहीं।
सती मंदिर: सती मंदिर मध्यकाल में आक्रांताओं से रक्षा हेतु महिलाओं के बलिदान और शौर्य के स्मारक हैं। ये हमारे इतिहास के पवित्र प्रतीक हैं, लेकिन इन्हें ईश्वर का स्थान नहीं दिया जा सकता।
तामसिक व तंत्र पूजा: कर्ण-पिशाचिनी, यक्ष-यक्षिणी, भूत-प्रेत या डाकिनी-शाकिनी जैसी शक्तियों की पूजा तंत्र और तामसिक श्रेणी में आती है।
शास्त्र केवल ‘परमेश्वर’ की उपासना का विधान देते हैं
श्रीमद्भगवद्गीता और उपनिषदों के अनुसार ईश्वर ही एकमात्र सर्वव्यापी, निराकार और सर्वशक्तिमान सत्ता हैं। किसी भी जीवित मनुष्य, चाहे वह कितना ही महान नेता, अभिनेता या राजा क्यों न हो—वह त्रिगुण (सत्, रज, तम) और प्रकृति के नियमों के अधीन एक साधारण जीव ही है। किसी नश्वर मनुष्य को ईश्वर का दर्जा देना धर्म के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।
जीवित व्यक्ति की पूजा को ‘व्यक्ति-पूजा’ और तामसिक माना गया है
शास्त्रों में उपासना को तीन श्रेणियों में बाँटा गया है—सात्विक, राजसिक और तामसिक।
सात्विक: ईश्वर और देवात्माओं की निष्काम पूजा।
राजसिक: सांसारिक फल की इच्छा से की गई पूजा।
तामसिक: अज्ञान, अंधभक्ति या डर से की गई पूजा।
किसी जीवित मनुष्य की आरती उतारना या उसकी ‘चालीसा’ गाना अंधभक्ति और तामसिकता के अंतर्गत आता है।
चालीसा और स्तुति का सही संदर्भ
‘चालीसा’ या ‘कवच’ (जैसे हनुमान चालीसा, दुर्गा चालीसा) केवल ईश्वर, अवतारों या देव-शक्तियों के गुणों और कृपा के स्मरण के लिए रचे गए हैं। किसी जीवित राजनीतिक या सांसारिक व्यक्ति के नाम पर चालीसा रचना धर्म और साहित्य दोनों की मर्यादा का उल्लंघन है।
सम्मान और पूजा में अंतर
हिंदू धर्म राष्ट्रनायकों, राजाओं, गुरुओं और महान व्यक्तियों का आदर और सम्मान (Respect) करने की सीख तो देता है, लेकिन उनका पूजन (Worship) करने की अनुमति नहीं देता। सम्मान करने और उन्हें ‘भगवान’ मानकर कर्मकांड करने के बीच एक स्पष्ट रेखा है।
पीएम मोदी की चुप्पी:
शास्त्र-विरुद्ध परंपराओं को रोकने की प्राथमिक जिम्मेदारी स्वयं उस व्यक्ति की होती है, जिसके नाम पर मंदिर बनाए जा रहे हैं या चालीसा रची जा रही है। यदि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मंदिर बनाकर आरती की जा रही है या चालीसा गाई जा रही है, तो एक जननेता होने के नाते यह उनका नैतिक कर्तव्य बनता है कि वे इस कुरीति का सार्वजनिक रूप से विरोध करें और इसे रोकें। ऐसे मामलों पर किसी भी शीर्ष प्रतिनिधि की मौन स्वीकृति, सनातन परंपराओं के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल खड़े करती है।”