Last Updated:
Chicken vs Mutton vs Egg: अंडा, चिकन और मटन तीनों ही प्रोटीन के अच्छे सोर्स माने जाते हैं. एक्सपर्ट्स की मानें तो 100 ग्राम के हिसाब से चिकन में सबसे ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. आप अपनी जरूरत के अनुसार सही विकल्प चुन सकते हैं. तीनों ही चीजों के अपने फायदे और नुकसान हैं. अपनी फिटनेस गोल के अनुसार आप इन फूड्स का सेवन कर सकते हैं.
अंडा, चिकन और मटन तीनों में प्रोटीन की अच्छी खासी मात्रा होती है.
Egg, Chicken and Mutton Protein: प्रोटीन हमारी मसल्स की ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी होता है. यह मसल्स के निर्माण, ऊतकों की मरम्मत, हड्डियों की मजबूती और इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है. जो लोग फिटनेस, बॉडी बिल्डिंग या फिजिकल एक्टिव रहना चाहते हैं, उनके लिए पर्याप्त प्रोटीन का सेवन बेहद जरूरी होता है. जो लोग नॉनवेज खा लेते हैं, उनके लिए प्रोटीन के कई विकल्प होते हैं. कुछ लोग मुर्गा खाना पसंद करते हैं, तो कुछ लोग अंडा से प्रोटीन की कमी पूरी करते हैं. कुछ लोग मटन खाकर ज्यादा से ज्यादा प्रोटीन लेना चाहते हैं. ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि अंडा, चिकन और मटन में से किसमें सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है और किसका सेवन शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद है.
अंडा प्रोटीन का पावरहाउस
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार अंडे को प्रोटीन का पावरहाउस माना जाता है. एक बड़े अंडे में लगभग 6 से 7 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. इसमें शरीर के लिए जरूरी सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद होते हैं, इसलिए इसे हाई-क्वालिटी प्रोटीन का स्रोत माना जाता है. अंडा न सिर्फ आसानी से पच जाता है, बल्कि यह विटामिन D, B12 और अन्य पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है. जो लोग कम बजट में अच्छा प्रोटीन चाहते हैं, उनके लिए अंडा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
चिकन में कम फैट, ज्यादा प्रोटीन
अगर 100 ग्राम चिकन ब्रेस्ट की बात करें, तो इसमें लगभग 30 से 31 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. यही वजह है कि जिम जाने वाले और फिटनेस प्रेमी चिकन को अपनी डाइट में शामिल करते हैं. चिकन में फैट की मात्रा अपेक्षाकृत कम होती है, खासकर बिना स्किन वाले हिस्से में. यह मांसपेशियों के विकास और वजन कंट्रोल रखने में मददगार माना जाता है. प्रोटीन की मात्रा के हिसाब से चिकन अंडे से आगे निकल जाता है.
मटन में पोषक तत्वों की भरमार
मटन भी प्रोटीन का अच्छा स्रोत है. 100 ग्राम मटन में लगभग 25 से 27 ग्राम प्रोटीन पाया जा सकता है. इसके अलावा इसमें आयरन, जिंक और विटामिन B12 जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी होते हैं. हालांकि मटन में चिकन की तुलना में फैट और कैलोरी अधिक हो सकती है, इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए. जो लोग वजन कंट्रोल रखना चाहते हैं, उन्हें मटन का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है.
किसमें सबसे ज्यादा प्रोटीन?
अगर100 ग्राम के आधार पर तुलना की जाए, तो चिकन में सबसे अधिक प्रोटीन पाया जाता है. इसके बाद मटन और फिर अंडा आता है. हालांकि केवल प्रोटीन की मात्रा ही नहीं, बल्कि फैट, कैलोरी, पाचन क्षमता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य जरूरतों को भी ध्यान में रखना चाहिए. फिटनेस और मसल्स बिल्डिंग के लिए चिकन को अक्सर बेहतर विकल्प माना जाता है, जबकि अंडा रोजमर्रा की डाइट के लिए सुविधाजनक और किफायती विकल्प है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें