Causes of Junk Food Craving: जंक फूड खाना सभी को अच्छा लगता है, लेकिन इसका ज्यादा सेवन करना सेहत के लिए नुकसानदायक होता है. यही वजह है कि लोग जंक फूड अवॉइड करते हैं. कई बार पिज्जा, बर्गर, चिप्स, चॉकलेट और अन्य जंक फूड्स का अचानक मन करने लगता है. क्रेविंग इतनी ज्यादा होने लगती है कि इसे कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है. कई लोग इसे सिर्फ स्वाद की चाहत समझते हैं, लेकिन कभी-कभी यह शरीर के कुछ पोषक तत्वों की कमी का संकेत भी हो सकता है. हर क्रेविंग का मतलब न्यूट्रिएंट की कमी नहीं होता, लेकिन कुछ विटामिन और मिनरल्स का स्तर कम होने पर भी ऐसा होता है.
अगर आपके खाने में पर्याप्त प्रोटीन नहीं है, तो आपको जल्दी भूख लग सकती है और हाई-कैलोरी जंक फूड्स की क्रेविंग बढ़ सकती है. प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है. अंडे, दालें, पनीर, दही, सोया और मछली जैसे खाद्य पदार्थ प्रोटीन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं. पर्याप्त प्रोटीन लेने से अनहेल्दी स्नैकिंग की आदत को कम करने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा फाइबर पाचन को धीमा करता है और लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास देता है. जब डाइट में फाइबर कम होता है, तो ब्लड शुगर में तेजी से उतार-चढ़ाव हो सकता है, जिससे मीठे और ऑयली फूड्स की इच्छा बढ़ सकती है. फल, सब्जियां, साबुत अनाज, बीन्स और दालें फाइबर के अच्छे सोर्स हैं.
कुछ लोगों में आयरन की कमी थकान, कमजोरी और असामान्य खाने की इच्छाओं से जुड़ी हो सकती है. आयरन शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करता है. इसकी कमी होने पर एनर्जी लेवल प्रभावित हो सकता है, जिससे व्यक्ति बार-बार हाई-एनर्जी और प्रोसेस्ड फूड्स की ओर आकर्षित हो सकता है. आयरन के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, बीन्स का सेवन किया जा सकता है. जंक फूड की क्रेविंग का संबंध केवल पोषण की कमी से नहीं होता. नींद की कमी, तनाव, चिंता, डिहाइड्रेशन और लंबे समय तक भूखे रहने जैसी आदतें भी इसके पीछे बड़ी वजह हो सकती हैं.
कई बार भावनात्मक कारणों से भी लोग अधिक मीठा या तला-भुना खाना पसंद करने लगते हैं. अगर आपको लगातार और असामान्य रूप से जंक फूड खाने की इच्छा होती है, तो संतुलित आहार लें, पर्याप्त पानी पिएं, अच्छी नींद लें और नियमित शारीरिक गतिविधि करें. अगर आपको किसी पोषक तत्व की कमी का संदेह है, तो डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेकर जांच कराना बेहतर रहेगा.