अमेरिका ने ईरान के खिलाफ निर्धारित सैन्य हमलों और बमबारी को रद्द कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने घोषणा करते हुए बताया कि रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक सफल होने के बाद ये फैसला लिया गया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य के साथ ऊंचे स्तर की बातचीत हुई है और इसे ईरानी नेताओं ने मंजूरी दे दी है।
ट्रंप के अनुसार, इस फैसले को न केवल अमेरिका और ईरान बल्कि कई अन्य देशों द्वारा भी मंजूरी दे दी गई है। इन देशों में इजरायल, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर, तुर्की, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, मिस्र और अन्य देश शामिल हैं। यह व्यापक सहमति मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया कि नौसैनिक नाकाबंदी तब तक पूर्ण रूप से प्रभावी रहेगी जब तक यह समझौता अंतिम रूप नहीं ले लेता। उन्होंने समझौते पर हस्ताक्षर का समय और स्थान जल्द ही बताने की बाद कही है।
आपको बतादें, पिछले कुछ महीनों से अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी देशों के साथ ईरान के बीच तनाव चरम पर था। सैन्य कार्रवाइयों और जवाबी कार्रवाइयों के बाद अब वार्ता के माध्यम से समाधान की कोशिश की जा रही है। ट्रंप की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब दोनों पक्षों के बीच गंभीर चर्चाएं चल रही थीं।
इससे पहले उन्होंने ईरान पर आज रात हमला करने की धमकी दी थी। इस फैसले से मध्य पूर्व में स्थायी शांति की संभावना बढ़ गई है। क्षेत्रीय देशों की भागीदारी और उच्च स्तरीय सहमति से यह साफ है कि सभी पक्ष किसी स्थायी समाधान की तलाश में हैं। ट्रंप की यह पोस्ट आज दोपहर करीब 12:28 बजे (स्थानीय समय) सामने आई।