Last Updated:
Eye Care Tips: दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी से ड्राई आई के केस लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में अपोलो के डॉ आशु अग्रवाल ने धूप, एसी, मोबाइल, स्विमिंग पूल, कॉन्टैक्ट लेंस से सावधानी और आई स्पेशलिस्ट से इलाज की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि इससे आंख की बीमारियों से बचा जा सकता है.
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है. तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है. आलम यह है कि गर्म हवाओं की वजह से जो लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, इसकी वजह से उनकी आंखों का पानी सूख रहा है. यह भीषण गर्मी और चढ़ता हुआ तापमान लोगों की आंखों का पानी कम कर रहा है, जिस वजह से लोगों की आंखों में सूखापन आ रहा है. आंखें लाल हो रही हैं और आंखों में खुजली होने के साथ-साथ आंखों में भारीपन महसूस हो रहा है.
ऐसे में कितना खतरनाक है आंखों का पानी सूखना, यही जानने के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर आशु अग्रवाल से लोकल 18 की टीम ने खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि इन दिनों उनकी ओपीडी में ड्राई आई के मामले बढ़ गए हैं. यानी आंखों में सूखापन लेकर बहुत से मरीज आ रहे हैं. अक्सर गर्मियों में ऐसे मामले बढ़ जाते हैं. क्योंकि तापमान बहुत ज्यादा होता है. गर्म हवाएं चल रही होती हैं और मौसम में एक ड्राइनेस होती है. ऐसे में लोगों को कुछ सावधानी बरतनी जरूरी है.
ओपीडी में बढ़ गए हैं ऐसे मामले
सीनियर आई स्पेशलिस्ट डॉ. आशु अग्रवाल ने बताया कि गर्मी की वजह से आंखों में सूखापन होना या ड्राइनेस होना आम बात है. क्योंकि तेज धूप तो लोगों की आंखों में पानी को कम करती ही है. साथ में एयर कंडीशनर में ज्यादा वक्त तक बैठे रहने और लैपटॉप और मोबाइल पर काम करने की वजह से भी आंखों का पानी प्रभावित होता है. इस वजह से आंखों में ड्राइनेस बढ़ जाती है. यानी सूखापन आ जाता है. खुजली होती है, भारीपन आ जाता है.
ऐसे में अगर आपको आंखों में ऐसी दिक्कत आ रही है तो आंखों को बार-बार मलें नहीं, आंखों को रगड़ने से बचें. आंखों को गंदे हाथों से बिल्कुल ना छुएं. बल्कि एक अच्छे आई स्पेशलिस्ट से मिलकर इलाज लें और अपनी आंखों का ख्याल रखें. उन्होंने बताया कि आंखों में सूखेपन के अलावा कई और तरह की दिक्कतें भी मौसम के साथ होती हैं. जैसे अभी बारिश शुरू होगी तो लोगों की आंखों में आई फ्लू का वायरस बढ़ जाता है, जिसमें आंखों से डिस्चार्ज होता है और आंखों में दर्द होता है. आंखें लाल हो जाती हैं. ऐसे में मौसम के अनुसार अपनी आंखों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है.
स्विमिंग पूल और कॉन्टैक्ट लेंस से भी है खतरा
आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर आशु अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों लोग स्विमिंग पूल में भी बहुत जा रहे हैं. जैसे वाटर पार्क, क्योंकि गर्मी ज्यादा है तो वाटर पार्क और स्विमिंग पूल का मजा लेने लोग जा रहे हैं. उसमें क्लोरीन की मात्रा ज्यादा होती है. जो पानी आंखों में जाता है तो आंखों में तमाम तरह के इंफेक्शन दे देता है. इससे भी बचने की जरूरत है. इसके अलावा लोग धूप से बचने के लिए कॉन्टैक्ट लेंस लगा रहे हैं, जो कि आंखों को बुरी तरीके से प्रभावित करता है. ऐसे में अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं तो सावधानी बरतें और स्विमिंग पूल जैसी जगह से भी अपनी आंखों को बचाएं. स्विमिंग पूल में जा रहे हैं तो आंखों पर चश्मा लगा कर जाएं जो वहां मिलता है.
इस तरह रखें अपनी आंखों का ख्याल
सीनियर आई स्पेशलिस्ट डॉ. आशु अग्रवाल ने बताया कि अगर आप अपनी आंखों का ख्याल रखना चाहते हैं तो ज्यादा से ज्यादा पानी पीना शुरू कर दीजिए. धूप में अगर निकल रहे हैं तो आंखों पर या तो चश्मा लगा लें या फिर कोई टोपी लगाकर निकलें, जिससे आंखों पर सीधा असर न पड़े. इसके अलावा अगर आपके आंखों में कोई भी दिक्कत महसूस होती है तो अपने आई स्पेशलिस्ट से मिले. खुद इलाज न करें और ना ही खुद से कोई मेडिकल स्टोर से दवा लें. आई स्पेशलिस्ट से मिलकर इलाज करेंगे तो जल्दी ठीक हो जाएंगे और कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होगा.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें