Last Updated:
Sanya Malhotra Hit Movies OTT: आज के दौर में सान्या मल्होत्रा उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय और अलग-अलग तरह के किरदारों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. ‘दंगल’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली सान्या ने सिर्फ बड़े पर्दे पर ही नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराई है. कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस और सोशल मेसेज से भरपूर फिल्मों में उन्होंने हर बार अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है. अगर आप उनकी बेहतरीन परफॉर्मेंस देखना चाहते हैं, तो ओटीटी पर मौजूद ये फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए.
नई दिल्ली. (मिसेज 2024)- सान्या मल्होत्रा स्टारर ‘मिसेज’ एक सामाजिक ड्रामा फिल्म है, जो मलयालम फिल्म ‘द ग्रेट इंडियन किचन’ की हिंदी रीमेक है. फिल्म की कहानी ऋचा नाम की एक प्रतिभाशाली डांसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी के बाद जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. सान्या मल्होत्रा ने फिल्म में ऋचा का लीड रोल अदा किया था. इस फीमेल सेंट्रिक फिल्म ने सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी 5 पर दस्तक दी थी. इसमें सान्या मल्होत्रा के अभिनय को काफी सराहा गया था.
फिल्म की कहानी उस महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जो घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपनी पहचान और सपनों को बचाने की कोशिश करती है. सान्या मल्होत्रा ने इस किरदार को बेहद संवेदनशीलता और गहराई के साथ निभाया है. फिल्म घरेलू काम, पितृसत्ता और महिलाओं की अनदेखी मेहनत जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाती है. दर्शकों ने एक्ट्रेस के अभिनय को काफी सराहा था.
पगलैट(2021)- ‘पगलैट’ एक अनोखी और भावनात्मक फिल्म है, जिसमें सान्या मल्होत्रा ने संध्या का किरदार निभाया है. पति की अचानक मौत के बाद जहां पूरा परिवार शोक में डूबा होता है, वहीं संध्या अपने भीतर चल रही भावनाओं और सवालों से जूझ रही होती है. फिल्म रिश्तों, स्वतंत्रता और आत्म-खोज की कहानी को हल्के-फुल्के लेकिन प्रभावशाली अंदाज में पेश करती है. सान्या मल्होत्रा की ये फिल्म महिलाओं के हक के बारे में बात करती है. उमेश बिष्ट के निर्देशन में बनी फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
लव हॉस्टल (2022)- लव हॉस्टल एक इंटेंस क्राइम थ्रिलर है, जिसमें सान्या मल्होत्रा और विक्रांत मैसी एक ऐसे प्रेमी जोड़े की भूमिका में हैं, जो परिवार और समाज की बंदिशों से भागकर नई जिंदगी शुरू करना चाहते हैं. लेकिन उनके पीछे एक खतरनाक सुपारी किलर पड़ जाता है. फिल्म ऑनर किलिंग, जातिगत भेदभाव और सामाजिक रूढ़ियों जैसे मुद्दों को सामने लाती है. सान्या ने ज्योति के किरदार में डर, साहस और संघर्ष को प्रभावशाली तरीके से दिखाया है. यह उनकी सबसे दमदार परफॉर्मेंस में से एक मानी जाती है. फिल्म जी5 पर मौजूद है.
कटहल (2023)- कटहल: ए जैकफ्रूट मिस्ट्री एक व्यंग्यात्मक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें दो कटहल की चोरी की जांच पूरे सिस्टम की पोल खोल देती है. सान्या मल्होत्रा ने महिमा बसोर नाम की एक ईमानदार पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है. शुरुआत में मामूली लगने वाला मामला धीरे-धीरे राजनीति, सत्ता और सामाजिक असमानताओं की कहानी बन जाता है. फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ कई गंभीर मुद्दों पर भी सवाल उठाती है. सान्या ने अपने किरदार में मजबूती और सादगी का बेहतरीन संतुलन दिखाया है.
‘दंगल’ सान्या मल्होत्रा की डेब्यू फिल्म थी और इसी फिल्म ने उन्हें रातों-रात पहचान दिलाई. आमिर खान स्टारर यह फिल्म पहलवान महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों गीता-बबीता फोगाट की वास्तविक कहानी पर आधारित है. सान्या ने बबीता फोगाट का किरदार निभाया था और इसके लिए उन्होंने कड़ी ट्रेनिंग भी ली थी. फिल्म महिला सशक्तिकरण, खेल और पारिवारिक संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी पेश करती है. दंगल भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में शामिल है और दुनियाभर में रिकॉर्ड कमाई की थी. ये फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर है.
बधाई हो (2018)- बधाई हो एक फैमिली कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं. कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है जब एक मध्यमवर्गीय परिवार में अधेड़ उम्र के माता-पिता के दोबारा माता-पिता बनने की खबर सामने आती है. फिल्म इस असामान्य स्थिति को हास्य और भावनाओं के साथ दिखाती है. सान्या ने रेने नाम की आत्मविश्वासी और समझदार युवती का किरदार निभाया है. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की और कई पुरस्कार भी जीते. बधाई हो जिया हॉटस्टार पर है.
लुडो- नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘लुडो’ में अनुराग बसु के निर्देशन में बनी लुडो एक मल्टी-स्टारर डार्क कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसमें कई अलग-अलग किरदारों की कहानियां एक-दूसरे से जुड़ती नजर आती हैं. फिल्म में सान्या मल्होत्रा ने श्रुति चोकसी का किरदार निभाया है, जो अपने पति के साथ एक निजी वीडियो वायरल होने की परेशानी में फंस जाती है. इस समस्या से निकलने की कोशिश में उसकी जिंदगी कई अप्रत्याशित मोड़ों से गुजरती है.