Last Updated:
इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन ने सोशल मीडिया पर प्यार जताया है. उन्होंने एक्टर के साथ पुलिस वैन में बैठी एक तस्वीर शेयर की है, जिसको उन्होंने खास कैप्शन के साथ पोस्ट किया है. यह तस्वीर उस वक्त की है, जब मुंबई में प्रदर्शन के दौरान दोनों को हिरासत में लिया गया था. अब इमरान इस नोटिस को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं.
प्रदर्शन के दौरान इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन को भी उनके साथ हिरासत में लिया गया था. फोटो साभार-@ lekhawashington/Instagram
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ना होगा. मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्हें ये नोटिस दिया गया है. इमरान अमेरिकी नागरिक हैं. इस नोटिस को लेकर इमरान खान अब हाईकोर्ट का रुख करेंगे. इस बीच उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर शेयर की है, जिसने सबका ध्यान खींचा है. लेखा ने इमरान के साथ पुलिस वैन में बैठी अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए उनके लिए प्यार जाहिर किया है.
जायन मैरी ने भी किया रिएक्ट
इमरान की कजिन जायन मैरी खान ने भी इस पोस्ट पर रिएक्ट किया है. उन्होंने कॉमेंट में लिखा, ‘यू आर लव’ और साथ में लाल दिल वाले इमोजी शेयर किए. इस तरह लेखा ने बिना किसी लंबे बयान के इमरान के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया.
इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन का पोस्ट.
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए थे इमरान-लेखा
यह पूरा मामला 10 अक्टूबर का है. मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था. यह प्रदर्शन कॉकroach जनता पार्टी (CJP) से जुड़े आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया था. प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची एसआईआर (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए थे. इमरान इस प्रदर्शन में अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान के साथ पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस ने इमरान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.
हिरासत से बाहर आकर लेखा ने कही थी ये बात
हिरासत से रिहा होने के बाद लेखा ने सोशल मीडिया पर अपने एक्सपीरियंस के बारे में भी लिखा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि वर्दी पहने अधिकारियों ने उन्हें और जायन को पकड़ा, जिससे उन्हें चोटें आईं. लेखा के मुताबिक, इसके बाद उन्हें गाड़ी में बैठाकर कुछ घंटों तक इधर-उधर घुमाया गया और बाद में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने से भी रोका गया. ये लेखा के अपने आरोप हैं.
इमरान खान को क्यों मिला भारत छोड़ने का नोटिस?
इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है. 15 अक्टूबर को मुंबई के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया. यह कार्रवाई बीजेपी नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद हुई, जिसमें इमरान के प्रदर्शन में शामिल होने पर सवाल उठाए गए थे. नोटिस में इमरान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है. हालांकि, यह प्रशासनिक कार्रवाई है और आरोपों को लेकर कानूनी चुनौती दी जानी है.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें