Last Updated:
Protein in Sattu Sharbat: सत्तू शरबत गर्मियों का एक लोकप्रिय देसी ड्रिंक है, जो भुने हुए चने से तैयार किया जाता है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को एनर्जी देने और हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं. इसे आसान रेसिपी से घर पर तैयार किया जा सकता है. यह गर्मियों के लिए एक बेहतरीन हेल्दी विकल्प माना जाता है.
सत्तू में चिकन और मछली से भी ज्यादा प्रोटीन होता है. इसका शरबत पीना बेहद फायदेमंद होता है.
Sattu Sharbat Health Benefits: प्रोटीन हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है. मसल्स की ग्रोथ में प्रोटीन अहम भूमिका निभाता है. अक्सर जिम करने वाले लोग ज्यादा से ज्यादा प्रोटीन का सेवन करना चाहते हैं. अक्सर लोग प्रोटीन के लिए अंडा, चिकन या मछली खाते हैं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि सत्तू का शरबत प्रोटीन का एक बेहतरीन सोर्स है. करीब 100 ग्राम सत्तू में 20 से 25 ग्राम प्रोटीन होता है, जो इसे नॉन वेज फूड्स से भी ज्यादा पावरफुल बनाता है. गर्मी के मौसम में सत्तू का शरबत शरीर को ठंडा और एनर्जी से भरपूर रखता है. भुने हुए चने से तैयार होने वाला सत्तू एक सुपरफूड है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि सत्तू शरबत को गर्मियों का हेल्दी ड्रिंक माना जाता है.
दिल्ली की जानी-मानी डाइटिशियन पूनम दुनेजा ने News18 को बताया सत्तू मुख्य रूप से भुने हुए चने से तैयार किया जाता है, जो प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. इसमें प्रोटीन के अलावा फाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और कई अन्य पोषक तत्वों की अच्छी मात्रा होती है. यही कारण है कि सत्तू लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकता है. जो लोग शाकाहारी हैं और अपने आहार में प्रोटीन बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए सत्तू एक अच्छा विकल्प माना जाता है. 2 बड़े चम्मच सत्तू में लगभग 4 से 5 ग्राम प्रोटीन होता है, जो करीब एक अंडे के बराबर होता है. अगर आप रोज सत्तू का सेवन करें, तो प्रोटीन की कमी नहीं होगी.
शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मददगार
डाइटिशियन के मुताबिक भीषण गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं. सत्तू शरबत में नमक, नींबू और पानी मिलाकर पीने से शरीर को तरल पदार्थों की पूर्ति करने में मदद मिल सकती है. यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक सत्तू का शरबत गर्मियों में खूब पसंद किया जाता है. यह शरीर को तरोताजा रखने के साथ थकान कम करने में भी सहायक माना जाता है. सत्तू में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है. नियमित रूप से सत्तू का सेवन करने से कब्ज जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है. यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है.
घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी सत्तू शरबत
सत्तू शरबत बनाना बेहद आसान है. इसके लिए एक गिलास ठंडा पानी लें और उसमें 2 से 3 चम्मच सत्तू मिला दें. अब स्वादानुसार काला नमक, भुना जीरा पाउडर और थोड़ा नींबू का रस डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और चाहें तो कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं. कुछ ही मिनटों में पौष्टिक और स्वादिष्ट सत्तू शरबत तैयार हो जाएगा. आमतौर पर सत्तू का शरबत सभी लोगों के लिए फायदेमंद है, लेकिन अगर किसी व्यक्ति को चने या उससे जुड़े खाद्य पदार्थों से एलर्जी है, तो ऐसे लोग सत्तू का सेवन न करें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें