नई दिल्ली. शादी, प्यार और रिश्तों के बीच जब किसी तीसरे की एंट्री होती है, तो जिंदगी में कई सवाल खड़े हो जाते हैं. कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा इम्तियाज अली की नई सीरीज ‘ओ साथी रे’ में. नेटफ्लिक्स ने इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल के बीच प्यार और भावनाओं की दिलचस्प उलझन देखने को मिल रही है. सीरीज में दिखाया जाएगा कि शादी के बाद किसी और के लिए दिल में जगह बनने पर रिश्ते किस मोड़ पर पहुंच जाते हैं.
ट्रेलर में रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) की शादीशुदा जिंदगी दिखाई गई है. दोनों का रिश्ता ऐसे मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां उसे संभालना आसान नहीं रह गया है. दोनों अपनी शादी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तभी उनकी जिंदगी में प्रद्युम्न (अर्जुन रामपाल) की एंट्री होती है. प्रद्युम्न के आने से रोशनी की भावनाएं बदलने लगती हैं और वह उसकी तरफ खिंची चली जाती है. इसके बाद तीनों की जिंदगी में प्यार, भरोसे और रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े होने लगते हैं.
क्या है सीरीज की कहानी?
सीरीज की कहानी सिर्फ शादी के बाहर प्यार तलाशने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी दिखाती है कि किसी रिश्ते में रहते हुए इंसान अपनी खुशियों और इच्छाओं को कितना समझ पाता है. कई बार दूसरों को खुश रखने की कोशिश में इंसान खुद को ही भूल जाता है. ‘ओ साथी रे’ इसी तरह की भावनात्मक उलझनों को सामने लाने वाली है.
अदिति राव हैदरी का दमदार है किरदार
सीरीज में करण का किरदार निभा रहे अविनाश तिवारी ने बताया कि उन्हें इस रोल की सबसे खास बात उसका प्यार करने का तरीका लगा. उनके मुताबिक, करण की जिंदगी रोशनी के आसपास ही घूमती है. वह उससे बेहद प्यार करता है, लेकिन इसी प्यार के साथ उसके मन में असुरक्षा और खोने का डर भी है.वह रोशनी को खुश देखना चाहता है, मगर जब उसकी खुशी में खुद को शामिल नहीं पाता, तो उसके लिए हालात मुश्किल हो जाते हैं.वहीं, अदिति राव हैदरी ने अपने किरदार रोशनी को एक ऐसी महिला बताया, जो अपनी पहचान और इच्छाओं को समझने की कोशिश कर रही है. वह सिर्फ किसी की पत्नी, बेटी या बहन नहीं, बल्कि अपनी अलग सोच और भावनाओं वाली महिला भी है. अदिति के मुताबिक, रोशनी का किरदार बिल्कुल आम इंसान की तरह है, जिसमें खूबियां भी हैं और कमजोरियां भी. उसे अपने फैसलों और उनसे मिलने वाले नतीजों के बीच खुद को समझना है.
बता दें कि दूसरी तरफ, अर्जुन रामपाल प्रद्युम्न के किरदार में दिखाई देंगे. उनके मुताबिक, प्रद्युम्न रोशनी की जिंदगी में एक नई ऊर्जा लेकर आता है. वह उसे सिर्फ एक पत्नी के रूप में नहीं, बल्कि एक अलग इंसान के तौर पर देखता है. हालांकि, उसके किरदार की भी कई ऐसी बातें हैं, जो कहानी आगे बढ़ने के साथ सामने आएंगी. ‘ओ साथी रे’ को इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने विंडो सीट फिल्म्स के साथ मिलकर बनाया है. यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है.