Last Updated:
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान कास्टिंग, नेपोटिज्म और रामायण पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी एक्टर का बैकग्राउंड कुछ भी हो, टिकने के लिए दमदार परफॉर्मेंस बेहद जरूरी है और रणबीर कपूर-आलिया भट्ट को दर्शक उनकी काबिलियत के दम पर पसंद करते हैं. साथ ही, उन्होंने ‘रामायण’ की कास्टिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जब फिल्म अच्छी बनती है, तो सबकी बोलती बंद हो जाती है.
मुकेश छाबड़ ने की ‘रामायण’ की कास्टिंग पर बात. (फोटो साभार: Instagram@castingchhabra)
नई दिल्ली. मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान कास्टिंग को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी कलाकार को केवल उसके बैकग्राउंड के बजाय उसकी प्रतिभा और काबिलियत के आधार पर ही चुनते हैं. रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का जिक्र करते हुए मुकेश ने बताया कि एक्टिंग और परफॉर्मेंस को देखते हुए उन्होंने कई स्टार किड्स को फिल्मों के लिए सिलेक्ट किया है, तो कई को रिजेक्ट करने से भी पीछे नहीं हटे हैं.
मुकेश छाबड़ा का यह मानना है कि आपका बैकग्राउंड चाहे कोई भी हो, फिल्म करने के लिए आपको एक्टिंग तो करनी ही पड़ेगी. दर्शक बहुत समझदार हैं और अगर आप सच में अच्छा काम करते हैं, तो मेकर्स स्वीकार कर लेंगे. मुकेश छाबड़ा ने कहा, ‘कोई नहीं कहता है कि रणबीर और आलिया नेपो किड हैं. उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर ही लोग उन्हें पसंद करते हैं और कहते हैं कि वे शानदार कलाकार हैं. जब भी आप किसी खराब नेपो किड को देखते हैं, तो लोग इस पर बात करेंगे. लेकिन सोचिए आज इंडस्ट्री में जो लोग अच्छा काम कर रहे हैं, उनमें से ज्यादातर बाहर से आए हुए लोग ही हैं.’
मुकेश छाबड़ा ने इफ्फी में शामिल होने पर जताई खुशी
मुकेश छाबड़ा ने इवेंट से बाहर निकलने के बाद आईएएनएस के साथ बातचीत की. इस दौरान उन्होंने इफ्फी में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि यह भारत का एकमात्र ऐसा फिल्म फेस्टिवल है, जहां पर बहुत से लोगों से मिलने और बहुत कुछ देखने का अवसर मिलता है.
मुकेश छाबड़ा ने कहा- लोगों में बहुत पैशन
उन्होंने आगे कहा, ‘यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लगा और मैं यहां हर साल आता हूं. हिंदुस्तान में कोई फिल्म फेस्टिवल नहीं है, जहां एक ही छत के नीचे इतनी सारी फिल्में देखने का मौका मिलता है. मुझे आज कास्टिंग सेशन में बहुत मजा आया, क्योंकि इतने सारे लोगों ने सही सवाल पूछे. उनके साथ एक घंटे का सेशन था और वो लगभग दो घंटे चला. इससे मालूम चलता है कि लोगों में कितना पैशन है और हम सब एक-दूसरे के लिए कितना पैशनेटली काम करते हैं.’
लोगों को बहुत पसंद आई ‘रामायण’ की कास्टिंग
कास्टिंग डायरेक्टर से पूछा गया कि ‘रामायण’ की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर एक अलग बहस देखने को मिल रही है? इस पर मुकेश छाबड़ा ने कहा, ‘फिल्म अच्छी होती है न, तो सबकी बोलती बंद हो जाती है. मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर तो लोग हर तरह की बातें करते ही रहते हैं. सबसे जरूरी बात यही है कि फिल्म अच्छा कर रही है और मैं बहुत खुश हूं कि लोगों को कास्टिंग पसंद आ रही है. पूरी टीम के लिए मैं बहुत खुश हूं.’
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें