नई दिल्ली. अभिनेता अनुपम खेर के नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ ने रंगमंच की दुनिया में 22 साल पूरे कर लिए हैं. इस खास मौके पर अभिनेता ने जिंदगी की निराशाओं और असफलताओं पर अपनी बात रखी.
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अभिनेता अलग-अलग गेटअप में स्टेज पर परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में नाटक की झलकियां और पिछले सालों में इसके सफर की झलक देखने को मिल रही है.
जिंदगी की चुनौतियां
अपनी इस पोस्ट के जरिए अनुपम खेर ने बताया कि पिछले दो दशकों से यह नाटक उन अनुभवों को सेलिब्रेट करता आया है, जिन्हें लोग अक्सर छिपाने की कोशिश करते हैं. इनमें असफलता, निराशा और जिंदगी की चुनौतियां शामिल हैं.
पहला कदम बन सकती हैं
अभिनेता ने लिखा, “हमारा नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ पिछले 22 सालों से उन्हीं चीजों का जश्न मनाता आ रहा है, जिन्हें हम अक्सर छिपाने की कोशिश करते हैं- निराशा, असफलता और जिंदगी की मुश्किलें. मैंने भी इन्हें अपनाया है क्योंकि मेरा मानना है कि यही किसी शानदार चीज की ओर पहला कदम बन सकती हैं.”
‘कुछ भी हो सकता है’
उन्होंने लिखा, “यह नाटक इसी सोच पर बना है और दुनियाभर के दर्शकों ने इसे अपनाया है. ‘कुछ भी हो सकता है’ नाटक 25 नवंबर को सेंट एंड्रयूज ऑडिटोरियम, बांद्रा में वापस आ रहा है. आइए हमारे साथ जिंदगी की खूबसूरत और अनपेक्षित संभावनाओं का जश्न मनाइए.”
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनका सफर शामिल
अनुपम खेर का आत्मकथात्मक नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ एक सोलो थिएटर प्रोडक्शन है. इसमें एक्टर अपनी जिंदगी के किस्से शेयर करते हैं, जिसमें उनकी असफलताएं, मुश्किलें और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनका सफर शामिल है.
कब आएगा
फिरोज अब्बास खान द्वारा निर्देशित नाटक अनुपम खेर के बचपन की यादों, शुरुआती असफलताओं (जैसे पहला स्कूली नाटक, पहला प्यार, ‘गांधी’ के ऑडिशन में असफलता), राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के दिनों और ‘सारांश’ जैसी फिल्मों से मिली पहचान के सफर को दिखाता है. दो दशकों से भी ज्यादा समय से चल रहा यह नाटक 25 नवंबर को मुंबई के बांद्रा स्थित सेंट एंड्रयूज ऑडिटोरियम में फिर से मंच पर आएगा.