Best and Worst Foods for Cholesterol: आजकल लोगों की लाइफस्टाइल और खानपान बिगड़ गया है. इसकी वजह से हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या तेजी से बढ़ रही है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो फिजिकल एक्टिविटी की कमी और स्ट्रेस की वजह से भी कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ रहा है. अगर कोलेस्ट्रॉल हद से ज्यादा बढ़ जाए, तो यह हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट डिजीज की वजह बन सकता है. ऐसे में कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए दवाओं के अलावा खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए. कुछ फूड्स कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने में मददगार हो सकते हैं, जबकि कई फूड्स कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकते हैं. ऐसे में खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को अपनी डाइट में फाइबर से भरपूर फूड्स शामिल करने चाहिए. इनमें ओट्स, जौ, ब्राउन राइस, साबुत अनाज और दालें शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद कर सकती हैं. इसके अलावा सेब, अमरूद, संतरा और नाशपाती जैसे फलों का सेवन भी फायदेमंद माना जाता है. हरी पत्तेदार सब्जियां, ब्रोकली, गाजर और लौकी जैसी सब्जियां भी हार्ट हेल्थ के लिए अच्छी होती हैं.
डाइटिशियन ने बताया कि कई लोग कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए फैट से बिल्कुल दूरी बना लेते हैं, लेकिन शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अच्छे फैट्स की जरूरत होती है. बादाम, अखरोट, अलसी के बीज और चिया सीड्स जैसे खाद्य पदार्थ ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं, जो दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. अगर आप सीमित मात्रा में इन चीजों का सेवन करेंगे, तो कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहेगा. इसके अलावा खाना बनाने के लिए सरसों, जैतून या मूंगफली का तेल इस्तेमाल करें.
एक्सपर्ट का साफ कहना है कि अगर आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, तो तले-भुने और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाना जरूरी है. फ्रेंच फ्राइज, चिप्स, पिज्जा, बर्गर, पैकेज्ड स्नैक्स और बेकरी प्रोडक्ट में ट्रांस फैट और अनहेल्दी फैट की मात्रा ज्यादा हो सकती है. इससे कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है. इसके अलावा ज्यादा मक्खन, घी, क्रीम और फुल-फैट डेयरी प्रोडक्ट का सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए. ज्यादा चीनी वाले फूड्स भी कोलेस्ट्रॉल और हार्ट हेल्थ को प्रभावित कर सकते हैं. कोल्ड ड्रिंक्स, मिठाइयां, पैकेज्ड जूस और ज्यादा मीठे स्नैक्स शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर बढ़ा सकते हैं.
डाइटिशियन ने बताया कि सही खानपान ही नहीं, बल्कि हेल्दी लाइफस्टाइल भी कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. नियमित व्यायाम, रोजाना कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और तनाव को कंट्रोल करना हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद हो सकता है. धूम्रपान और अत्यधिक शराब के सेवन से बचना भी जरूरी है. अगर आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल लगातार बढ़ा हुआ है, तो डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेनी चाहिए.