Last Updated:
मूंगफली एक सस्ता लेकिन पोषक फूड है, जिसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. यह दिल, वजन और इम्यूनिटी के लिए फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए.
मूंगफली को बेहद पौष्टिक फूड माना जाता है.
मूंगफली एक ऐसा साधारण-सा दिखने वाला फूड है, जो हर घर में आसानी से मिल जाता है, लेकिन इसके फायदे किसी महंगे ड्राई फ्रूट से कम नहीं हैं. इसलिए इसे अक्सर “गरीबों का बादाम” भी कहा जाता है. कम कीमत में मिलने वाली यह मूंगफली सेहत के लिए पोषण का बड़ा खजाना मानी जाती है.
बादाम और काजू जैसे ड्राई फ्रूट्स महंगे होते हैं, जिन्हें हर कोई रोज नहीं खरीद सकता. वहीं मूंगफली कम दाम में आसानी से मिल जाती है और इसमें भी भरपूर मात्रा में प्रोटीन, हेल्दी फैट और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. इसी वजह से इसे गरीबों का बादाम कहा जाता है. यह नाम इसकी कीमत नहीं, बल्कि इसके पोषण मूल्य को दर्शाता है.
मूंगफली में क्या-क्या पोषक तत्व होते हैं?
मूंगफली में प्रोटीन की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करती है. इसके अलावा इसमें हेल्दी फैट, फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे जरूरी तत्व होते हैं. यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करती है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती.
सेहत के लिए क्या-क्या फायदे हैं?
मूंगफली का सेवन दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है क्योंकि इसमें मौजूद हेल्दी फैट कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में मदद करता है. इसके अलावा यह वजन नियंत्रित करने में भी सहायक हो सकती है क्योंकि यह भूख को कम करती है. सर्दियों के मौसम में मूंगफली शरीर को गर्म रखने का काम भी करती है. मूंगफली में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. यही कारण है कि इसे एक हेल्दी स्नैक के रूप में भी देखा जाता है.
कैसे खानी चाहिए मूंगफली?
मूंगफली को कई तरह से खाया जा सकता है. इसे भूनकर, उबालकर या फिर सलाद में मिलाकर भी खाया जाता है. सर्दियों में गुड़ के साथ मूंगफली खाना खास तौर पर बहुत लोकप्रिय है. हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए क्योंकि इसमें कैलोरी भी अच्छी मात्रा में होती है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें