Last Updated:
Summer Sun Protection Tips : गर्मियों में हल्के रंग जैसे सफेद, सिल्वर और पेस्टल शेड वाले छाते बेहतर माने जाते हैं. ये छाते सूर्य की किरणों को रिफ्लेक्ट करते हैं और कम गर्म होते हैं. गहरे रंग का छाता तेज धूप में ज्यादा गर्मी सोख सकता है, जिससे असहजता, सनबर्न और गर्मी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.
गर्मियों में हल्के रंग का छाता इस्तेमाल करना चाहिए.
Umbrella Colors for Summer Heat : गर्मी में दिन भर आसमान से आग बरसती है. चिलचिलाती धूप से बचने के लिए कई लोग घर से निकलते वक्त छाता लेकर जाते हैं. छाता न सिर्फ बारिश से बचाता है, बल्कि गर्मी में तेज धूप से बचाने का भी काम करता है. सूरज की तेज किरणें शरीर को कई तरह से प्रभावित करती हैं. लू, डिहाइड्रेशन, सनबर्न और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचने के लिए लोग छाता इस्तेमाल करते हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि केवल छाता लेना ही काफी नहीं होता, बल्कि उसका रंग भी अहम भूमिका निभाता है. सही रंग का छाता धूप और गर्मी से बेहतर सुरक्षा देता है, जबकि गलत रंग का छाता शरीर को ज्यादा गर्म महसूस करा सकता है. इससे आपकी सेहत को भी नुकसान हो सकता है.
गर्मी में किस रंग का छाता बेहतर?
एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मियों में हल्के रंग जैसे सफेद, क्रीम, सिल्वर, हल्का नीला या पेस्टल शेड वाले छाते ज्यादा फायदेमंद होते हैं. ये रंग सूर्य की किरणों को रिफ्लेक्ट कर देते हैं, जिससे छाते के नीचे का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है. सफेद और सिल्वर रंग विशेष रूप से धूप को रिफ्लेक्ट करने की क्षमता रखते हैं, इसलिए इन्हें गर्म मौसम के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है. काले रंग का छाता सूर्य की गर्मी को ज्यादा अवशोषित करता है. लंबे समय तक तेज धूप में रहने पर इसकी सतह अधिक गर्म हो जाती है. ऐसे में छाते के नीचे तापमान बढ़ सकता है और व्यक्ति को अधिक गर्मी महसूस हो सकती है.
छाते की क्वालिटी भी है जरूरी
धूप से बचाव के लिए केवल रंग पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है. छाते का कपड़ा भी यूवी-प्रोटेक्शन वाला होना चाहिए. आजकल बाजार में ऐसे छाते उपलब्ध हैं, जिनमें यूवी ब्लॉकिंग कोटिंग होती है. ये छाते सूर्य की हानिकारक अल्ट्रावॉयलेट यानी UV किरणों को रोककर स्किन को बेहतर सुरक्षा प्रदान करते हैं. मोटे और अच्छी गुणवत्ता वाले कपड़े से बने छाते भी गर्मी से बचाव में मदद करते हैं. अगर बहुत पतले या खराब क्वालिटी वाले छाते का उपयोग किया जाए तो सूर्य की किरणें सीधे अंदर तक पहुंच सकती हैं. इससे सनबर्न, त्वचा की जलन, सिरदर्द और शरीर का तापमान बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
गर्मी में धूप से बचने के उपाय
डॉक्टर्स सलाह देते हैं कि गर्मी में दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें. बाहर जाते समय हल्के रंग के कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और यूवी-प्रोटेक्शन वाला छाता इस्तेमाल करें. इसके अलावा सनस्क्रीन और धूप का चश्मा भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं. सही रंग और अच्छी गुणवत्ता का छाता न केवल आपको आराम देता है, बल्कि गर्मी से होने वाली कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी बचाने में मदद करता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें