Last Updated:
भीषण गर्मी में शरीर को हाइड्रेट और तरोताजा बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है. ऐसे में कुछ प्राकृतिक चीजों से तैयार डिटॉक्स वॉटर लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. खीरा, चुकंदर, पुदीना, नींबू और अदरक से बना यह इन्फ्यूज्ड वॉटर न सिर्फ शरीर को ताजगी देने में मदद कर सकता है, बल्कि बेहतर हाइड्रेशन के जरिए त्वचा की चमक बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है.
गाजीपुर. चिलचिलाती गर्मी और तेज धूप का सीधा असर हमारी त्वचा और सेहत पर पड़ता है. अक्सर लोग अपनी बॉडी को बाहर से तो साफ और डिटॉक्स कर लेते हैं, लेकिन अंदरूनी सफाई पर ध्यान नहीं दे पाते. इसी समस्या का एक बेहद आसान और सस्ता उपाय बताया है गाजीपुर की जानी-मानी कॉस्मेटोलॉजिस्ट आयुष्री ने.
आयुष्री बताती हैं कि घर में रखी कुछ चुनिंदा हरी सब्जियों की मदद से एक ऐसा पानी तैयार किया जा सकता है, जो शरीर को अंदर से पूरी तरह साफ कर देगा. गाजीपुर में इन दिनों खीरा, पुदीना, चुकंदर, धनिया और अदरक से तैयार होने वाला हर्बल इन्फ्यूज्ड वाटर चर्चा में है. आयुष्री के अनुसार, कई घंटों तक प्राकृतिक चीजों को पानी में रखने से उसमें शरीर के लिए लाभकारी तत्व विकसित होते हैं, जो गर्मी में शरीर को हाइड्रेट और फ्रेश रखने में मदद कर सकते हैं.
आयुष्री कहती हैं कि जब हम खीरा, गाजर, चुकंदर और पुदीना जैसी चीजों को साफ पानी में 7 से 8 घंटे के लिए छोड़ देते हैं, तो उसमें गुड बैक्टीरिया (अच्छे जीवाणु) पैदा होते हैं. यह पानी एक बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है, जो शरीर के पीएच लेवल को मेंटेन रखता है और त्वचा पर गजब का निखार लाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आयुष्री कहती हैं कि 1 लीटर साफ पानी में एक मीडियम साइज का गाजर, एक खीरा, एक नींबू की स्लाइस, 10 से 12 पुदीने के पत्ते, थोड़ा सा हरा धनिया, अदरक और चुकंदर के 4-5 टुकड़े काट कर डाल दें. इसे सुबह पानी में डाल दें और शाम तक इसका इस्तेमाल करें. इसमें केवल उन्हीं हरी सब्जियों का इस्तेमाल करना है जिन्हें बिना फ्राई किए या बिना पकाए कच्चा खाया जा सकता है. बैंगन, लौकी या आलू जैसी सब्जियों का इस्तेमाल इसमें भूलकर भी न करें.
एक्सपर्ट के अनुसार, इस डिटॉक्स वॉटर का रोजाना इस्तेमाल किया जा सकता है. यह शरीर को हाइड्रेट रखता है और टॉक्सिंस (जहरीले तत्वों) को बाहर निकालता है. हालांकि, उन्होंने एक जरूरी चेतावनी भी दी है. आयुष्री कहती हैं कि किसी भी चीज की अति नुकसानदेह होती है.
अगर आप तय मात्रा से बहुत ज्यादा इस पानी को पीते हैं, तो पेट टाइट हो सकता है या लूज मोशन (दस्त) जैसी दिक्कतें आ सकती हैं. इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही पिएं. पुदीना, चुकंदर, नींबू और अदरक जैसे तत्वों से तैयार alkaline पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है. बेहतर हाइड्रेशन का असर कई लोगों की स्किन पर भी देखा गया, जहां त्वचा पहले के मुकाबले ज्यादा फ्रेश सॉफ्ट और लेस डल महसूस हुई.