Last Updated:
गर्मी के मौसम में घर को ठंडा और ताजगीभरा बनाए रखने के लिए रबर प्लांट एक बेहतरीन इनडोर विकल्प माना जाता है. इसकी आकर्षक पत्तियां घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ हवा को साफ रखने में भी मदद करती हैं. खास बात यह है कि इसकी देखभाल आसान है और इसे ज्यादा पानी की भी जरूरत नहीं पड़ती.
बहराइच: गर्मी के मौसम में लोग राहत पाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं. इन उपायों में एक बेहतर तरीका घर में हरे-भरे पौधे लगाना भी है. इससे न सिर्फ आपका घर सुंदर दिखता है, बल्कि आसपास का वातावरण भी ठंडा बना रहता है. इसके लिए आप कुछ खास किस्म के इनडोर प्लांट चुन सकते हैं. खासकर रबर प्लांट को घर में गमले में लगाकर इसका फायदा उठाया जा सकता है.
अगर आप अपने घर के लिए ऐसा पौधा ढूंढ रहे हैं, जो दिखने में बेहद खूबसूरत हो और जिसकी देखभाल करना भी आसान हो, तो इनडोर प्लांट में रबर प्लांट को शामिल कर सकते हैं. यह अपनी सुंदर पत्तियों और खास रंग के लिए जाना जाता है. घर में इस पौधे को लगाकर हरियाली और ठंडक दोनों का एहसास मिलता है. इसे गमले या क्यारी में आसानी से लगाया जा सकता है.
रबर प्लांट सिर्फ घर की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाता, बल्कि इसके कई और फायदे भी हैं. यह हवा को साफ करने में मदद करता है. इसकी देखभाल भी ज्यादा नहीं करनी पड़ती और न ही रोज पानी देने की जरूरत होती है. गर्मियों में इसे 2 से 3 दिन में एक बार पानी देना काफी होता है. पानी देने से पहले गमले या जिस जगह पौधा लगा हो, वहां की मिट्टी छूकर जरूरत के हिसाब से पानी देना चाहिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वास्तु शास्त्र के अनुसार इसे सही दिशा, यानी दक्षिण-पूर्व में रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि आती है. यही वजह है कि कई लोग इसे घरों में लगाना पसंद करते हैं. इसे घर के आंगन से लेकर बालकनी तक कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता है.
रबर प्लांट को सीधी धूप में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे पौधे को नुकसान हो सकता है. इसे घर की ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी और छनी हुई रोशनी आती हो. जरूरत पड़ने पर ग्रीन नेट की मदद से भी छाया की जा सकती है. इसके अलावा इसकी पत्तियों पर समय-समय पर धूल जम जाती है, इसलिए सफाई करते रहना भी जरूरी है.
यह पौधा नर्सरी में आसानी से मिल जाता है. इसकी कीमत करीब 150 रुपये से शुरू होती है. अगर आप बहराइच जिले में इसे खरीदना चाहते हैं तो शहर में मरी माता मंदिर के सामने स्थित मुख्तार की नर्सरी से इसे आसानी से खरीद सकते हैं.