Last Updated:
खेलते समय, चलते-फिरते या किसी हादसे में चोट लगना आम बात है, लेकिन चोट के बाद होने वाले तेज दर्द और सूजन को हल्के में नहीं लेना चाहिए. कई बार चोट के कारण हड्डी में फ्रैक्चर या मांसपेशियों को नुकसान हो सकता है. आगरा जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशीष मित्तल ने चोट लगने के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में अहम जानकारी दी है.
चोट लगने के बाद अगर हल्का दर्द और थोड़ी सूजन है, तो कपड़े में लपेटकर बर्फ से ठंडी सिकाई की जा सकती है. इससे शुरुआती परेशानी में राहत मिल सकती है.
चोट वाली जगह पर तुरंत गर्म सिकाई या मालिश करने से बचना चाहिए. डॉक्टर के मुताबिक, ऐसा करने के बजाय पहले चोट की स्थिति को समझना और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
अगर चोट के बाद दर्द तेज है, सूजन लगातार बढ़ रही है या प्रभावित अंग को हिलाने में परेशानी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में एक्स-रे और चिकित्सकीय जांच की जरूरत पड़ सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यदि चोट के बाद अंग का आकार बदल गया है या उस पर वजन रखना संभव नहीं है, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए. केवल दर्द और सूजन के आधार पर फ्रैक्चर या मांसपेशी फटने की पुष्टि नहीं की जा सकती.
चोट लगने के बाद प्रभावित अंग को बार-बार हिलाने से बचना चाहिए. शरीर को पर्याप्त आराम देना जरूरी है और चोट वाली जगह पर अधिक दबाव डालने या भारी वजन उठाने से परहेज करना चाहिए.
दर्द से राहत पाने के लिए खुद से मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदकर नहीं खानी चाहिए. डॉ. आशीष मित्तल के अनुसार, बिना चिकित्सक की सलाह के दवा लेने के बजाय समय रहते जांच और उचित उपचार कराना चाहिए.