Last Updated:
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के तलाक मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई. चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दोनों पक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए, जबकि उनके वकील अदालत में मौजूद रहे. दोनों के वकीलों ने अपना-अपना पक्ष रखा. दोनों की गैरहाजिरी को देखते हुए अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी.
संगीता ने दिसंबर 2025 में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी.
नई दिल्ली. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच चल रहे तलाक के मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई है. चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में सोमवार को इस मामले पर सुनवाई होनी थी, लेकिन दोनों पक्षों के अदालत में उपस्थित न होने के कारण सुनवाई आगे बढ़ानी पड़ी. अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त को होगी.
चेंगलपट्टूस फैमिली कोर्ट में सोमवार जब मामले की सुनवाई हुई तो न तो मुख्यमंत्री विजय अदालत पहुंचे और न ही उनकी पत्नी संगीता उपस्थित हुईं. हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से उनके वकील अदालत में मौजूद रहे और उन्होंने पैरवी की. दोनों की गैरहाजिरी को देखते हुए कोर्ट ने मामले की अगली तारीख तय कर दी.
कोर्ट में वकीलों ने क्या कहा?
यह पहली बार नहीं है जब इस मामले की सुनवाई टली हो. इससे पहले भी कई मौकों पर विजय और संगीता अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए थे. दोनों पक्षों की ओर से अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल होने की अनुमति मांगी गई थी. बताया गया कि मुख्यमंत्री पद पर होने के कारण विजय को सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को फॉलो करना पड़ता है. इससे पहले अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए मामले की सुनवाई 15 जून तक के लिए स्थगित कर दी थी.
संगीता ने दिसंबर 2025 में अर्जी की थी तलाक याचिका
गौरतलब है कि संगीता ने दिसंबर 2025 में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी. उन्होंने अपनी याचिका में शादी को खत्म करने की मांग करते हुए कहा था कि पति-पत्नी के बीच ऐसे मतभेद पैदा हो गए हैं, जिन्हें सुलझाना संभव नहीं है. उन्होंने अदालत से गुजारा भत्ता देने की मांग भी की थी.
चर्चाओं में सीएम विजय की पर्सनल लाइफ
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता रहे हैं. पिछले साल वह राजनीति में सक्रिय होकर टीवीके के प्रमुख बने. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सार्वजनिक छवि और भी मजबूत हुई है. ऐसे में उनके निजी जीवन से जुड़ा यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है.
About the Author
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें