Last Updated:
क्या फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज हो पाएगी? क्या नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर को भारतीय दर्शक भी इस पाकिस्तानी ड्रामा को देख सकेंगे? सवाल इसलिए क्योंकि इसके रिलीज डेट के साथ बढ़े विवाद के बाद भारत सरकार नेटफ्लिक्स को पुरानी एडवाइजरी याद दिलाई है. जिसके बाद इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग पर सस्पेंस गहरा गया है. आखिर क्या है पूरा मामला?
नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर को ये पाकिस्तानी सीरिज स्ट्रीम होने वाली है.
नई दिल्ली. पाकिस्तानी कलाकारों की भारत में वापसी को लेकर पहले से ही बहस चल रही है. अब इसी बीच फवाद खान और माहिरा खान की नई वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ चर्चा में आ गई है. नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज की स्ट्रीमिंग डेट 4 दिसंबर घोषित कर दी है, लेकिन भारत में इसकी स्ट्रीमिंग को लेकर अब भी सवाल बना हुआ है. इस बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट को लेकर पहले जारी की गई एडवाइजरी और प्लेटफॉर्म की ओर से दिए गए आश्वासन की याद दिलाई है.
हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 की एक रिपोर्ट में मंत्रालय के सूत्रों हवाले से बड़ा अपड़ेट दिया है. रिपोर्ट में बताया कि यह कदम भारत में इस पाकिस्तानी वेब सीरीज की संभावित स्ट्रीमिंग को लेकर दर्ज कराई गई शिकायतों के बाद उठाया गया है. सरकार ने नेटफ्लिक्स को 8 मई, 2025 को जारी की गई उस एडवाइजरी की याद दिलाई है, जिसमें सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट को बंद करने का निर्देश दिया गया था.
पुराने रुख पर कायम रहें नेटफ्लिक्स
इसके साथ ही मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दिए गए उसके खुद के आश्वासन की भी याद दिलाई है. उस समय नेटफ्लिक्स ने सरकार को भरोसा दिया था कि उसने भारत में अपने सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई भी फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है. अब केंद्र सरकार ने प्लेटफॉर्म से अपने उसी पुराने रुख और वादे पर कायम रहने को कहा है.
फिल्म संगठनों ने दी थी बॉयकॉट की चेतावनी
दरअसल, नेटफ्लिक्स ने हाल ही में घोषणा की थी कि उसका पहला पाकिस्तानी ओरिजिनल शो ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ 4 दिसंबर 2026 को ग्लोबल स्तर पर प्रीमियर होगा. भारत में भी नेटफ्लिक्स ऐप पर यह शो ‘कमिंग सून’ लिस्ट में दिखने लगा था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शो पर बैन लगाने की मांग की थी और 4 दिसंबर से पहले इसे न हटाने पर देशव्यापी बॉयकॉट की चेतावनी दी थी. वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी भारत में इसकी स्ट्रीमिंग होने पर असहयोग की बात कही थी.
क्या है ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी और स्टारकास्ट?
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ फरहत इश्तियाक के मशहूर उर्दू उपन्यास पर आधारित इस सीरीज को मोमिना दुरैद फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है. इसमें फवाद खान और माहिरा खान के अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर और हमजा अली अब्बासी जैसे बड़े पाकिस्तानी कलाकार शामिल हैं.
About the Author
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
और पढ़ें