Last Updated:
सिर्फ एक टूटी दीवार के सामने पूरा गाना फिल्माया जाए और वही गाना आइकॉनिक सॉन्ग बन जाए तो इसे चमत्कार कहा जाएगा. 40 साल पहले सिनेमाघरों में आई एक सुपरहिट फिल्म के साथ ऐसा ही कुछ हुआ था. टूटे-फूटे सेट पर पूरा गाना फिल्माया गया. हीरोइन ने ऐसा डांस किया कि पूरा देश आज भी इस गाने पर डांस करता है. शादी-विवाह हो या फिर कोई और उत्सव, इस गाने पर ही सबसे ज्यादा डांस लोग करते हैं. गाना इतना पॉप्युलर हुआ कि आज तक इसका क्रेज कम नहीं हुआ है.
गाना कर्णप्रिय हो तो उसका फिल्मांकन चाहे साधारण सेट पर हो या भव्य सेट पर, बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ता. 80 के दशक के कई आइकॉनिक सॉन्ग कुछ इसी थीम पर फिल्माए गए. 1986 में आई एक फिल्म का गाना तो सिर्फ एक टूटी दीवार के सामने फिल्माया गया था. इस डांस में नजर आई एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में ऐसा स्टारडम पाया कि बड़े-बड़े सुपर स्टार काम करने के लिए तरसते थे. हम बात कर रहे हैं श्री देवी की ‘नगीना’ फिल्म के आइकॉनिक गाने ‘मैं तेरी दुश्मन, दुश्मन तू मेरा’ की. इस गाने को लता मंगेशकर ने गाया था. आइये जानते हैं इस गाने-फिल्म से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स……
28 नवंबर 1986 को रिलीज हुई ‘नगीना’ फिल्म एक फैंटेसी रोमांटिक फिल्म थी जिसका डायरेक्शन-प्रोडक्शन हर्मेश मल्होत्रा ने किया था. स्टोरी जगमोहन कपूर ने लिखी थी. स्क्रीनप्ले रवि कपूर ने लिखा था और डायलॉग डॉ. अचला नागर ने लिखे थे. फिल्म में श्री देवी-ऋषि कपूर लीड रोल में थे. सही मायने में यह फिल्म श्री देवी की थी. फिल्म नायिका प्रधान थी. श्री देवी ने इसमें रजनी का रोल निभाया था. इसके अलावा कोमल मधुवाकर, अमरीश पुरी, सुष्मा सेठ और प्रेम चोपड़ा अहम भूमिकाओं में थे. अमरीश पुरी ने भैरोंनाथ सपेरे का किरदार निभाया था.
‘नागिन’ फिल्म का म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. गीतकार आनंद बख्शी थे. एल्बम में कुल 5 गाने थे. फिल्म का एक गाना ‘आज कल याद कुछ और रहता नहीं’ एल्बम में नहीं था लेकिन मूवी में यह गाना था. गाना श्रीदेवी पर फिल्माया गया था. ‘नगीना’ फिल्म का आइकॉनिक सॉन्ग ‘मैं तेरी दुश्मन, दुश्मन तू मेरा, मैं नागिन तू सपेरा’ गाना. इस गाने ने पॉप्युलैरिटी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. गाना आज भी गांव-गांव में शादी-विवाह में डीजे पर बजता है. इस गाने के बनने की कहानी और भी दिलचस्प है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दरअसल, ‘नागिन’ फिल्म की शूटिंग हो चुकी थी. निर्माता-निर्देशक हर्मेश मल्होत्रा ने कोरियोग्राफर सरोज खान को कहा कि फिल्म पूरी शूट हो चुकी है. बस एक क्लाइमैक्स का डांस शूट होना है. बस एक दिन का समय हमारे पास बचा है. इस बीच हम सेट को भी तोड़ते रहेंगे और आप अपना काम करते रहिए. पूरे दिन लगातार शूटिंग चलती रही. श्री देवी डांस करती रहीं और सेट को भी तोड़ा जाता रहा. सुबह चार बजे डांस कंप्लीट हुआ. लास्ट में सेट पर सिर्फ एक दीवार बची थी. थोड़ी सी जगह म्यूजिक प्लेयर को रखने के लिए बची थी. उसी दीवार के आगे श्रीदेवी ने डांस किया.
इस आइकॉनिक सॉन्ग को अगर आप गौर से देखेंगे तो पाएंगे कि श्रीदेवी का पूरा पोर्शन एक छोटी सी जगह पर फिल्माया गया है. सबसे ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि यह सॉन्ग 1983 में अफगानिस्तान में आई एक फिल्म की फॉक ट्यून से इंस्पायर्ड था. अफगानिस्तान के संगीतकार बहाउद्दीन ने तंबूर पर यह धुन बजाई थी. तबले पर उनके साथ गुलाम सफी थे.
‘गद्दार’, ‘पत्थर’ और ‘पायल’ जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर हर्मेश मल्होत्रा ने अपना करियर 1969 में ‘बेटी’ फिल्म से शुरू किया था. उनकी एक फिल्म ‘शेरनी’ बीच में बंद हो गई थी जिसमें शत्रुघ्न सिन्हा-श्रीदेवी स्टारर काम कर रहे थे. इसी बीच ‘नगीना’ की स्क्रिप्ट हर्मेश मल्होत्रा के हाथ लगी. श्री देवी की मां पहली ही नजर में समझ गई थीं कि फिल्म की नायिका प्रधान थी. उन्होंने श्रीदेवी की दिल से यह फिल्म करने की सलाह दी. ऋषि कपूर-श्री देवी के साथ की यह पहली फिल्म थी. श्री देवी सेट पर किसी से ज्यादा बात नहीं करती थीं क्योंकि वो उन दिनों हिंदी ज्यादा बोल नहीं पाती थीं.
‘नगीना’ ने श्रीदेवी को रातोंरात फीमेल सुपर स्टार बना दिया. ‘नागिन’ में श्रीदेवी ने एक इच्छाधारी नागिन का रोल किया था. नगीना ने श्रीदेवी के स्टारडम इतना बड़ा बना दिया कि वो मेल सुपर स्टार अमिताभ बच्चन-धर्मेंद्र को भी टक्कर देने लगीं. 80 के दशक में बॉलीवुड पर एकतरफा राज करने वाली एक्ट्रेस श्रीदेवी ही हैं. 1986 से 1991 तक का दौर श्री देवी के करियर का स्टारडम फेज रहा.
‘नगीना’ फिल्म के प्रोडक्शन का काम जब चल रहा था, तब फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना था कि फिल्म फ्लॉप फ्लॉप हो जाएगी. फिल्म का बजट 2 करोड़ रुपये के करीब था. फिल्म ने करीब 13 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. फिल्म का सब्जेक्ट बहुत ही यूनिक था. मजेदार बात यह भी है कि इस फिल्म का अगला पार्टी ‘निगाहें’ के नाम से बनाया गया था. श्रीदेवी-सनी देओल स्टारर ‘निगाहें’1989 में आई थी लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी.