Last Updated:
Mango and Diabetes: डायबिटीज के मरीज आम पूरी तरह छोड़ने की बजाय सीमित मात्रा में खा सकते हैं. डाइटिशियन के अनुसार अगर शुगर लेवल कंट्रोल में है, तब डायबिटीज के मरीज दिन में एक आम खा सकते हैं. हालांकि ब्लड शुगर फ्लक्चुएट हो रहा है, तब उस कंडीशन में आम खाने से बचना चाहिए.
डायबिटीज के मरीज सावधानी के साथ कम मात्रा में आम खा सकते हैं.
Mango Intake for Diabetics: आम गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल है. इसका रसीला स्वाद हर किसी को खूब भाता है. इसे फलों का राजा भी कहा जाता है. आम का स्वाद अच्छा होता है और इसमें पोषक तत्वों की भी अच्छी मात्रा होती है. आम के सीजन में डायबिटीज के मरीजों के लिए आम को लेकर अक्सर यह चिंता रहती है कि कहीं यह ब्लड शुगर को बढ़ा न दे. आम में नेचुरल शुगर और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा होती है, इसलिए शुगर के मरीजों की चिंता जायज है. डाइटिशियन से जानने की कोशिश करते हैं कि शुगर के मरीज रोज कितने आम खा सकते हैं और किन मरीजों को यह अवॉइड करना चाहिए.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया डायबिटीज के मरीज भी कम मात्रा में आम खा सकते हैं. अगर किसी मरीज का शुगर लेवल कंट्रोल में है, तब उसके लिए पूरे दिन में एक आम खाना सुरक्षित माना जाता है. कुछ मरीजों के लिए यह मात्रा और कम भी हो सकती है. अगर किसी व्यक्ति का शुगर लेवल अनकंट्रोल रहता है, तब उस कंडीशन में आम पूरी तरह अवॉइड करना चाहिए. आम खाने का समय भी ब्लड शुगर कंट्रोल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. डायबिटीज के मरीजों को आम खाली पेट नहीं खाना चाहिए. इसे हमेशा मेन मील के बाद खाना चाहिए.
डाइटिशियन के मुताबिक खाना खाने के बाद आम खाना बेहतर माना जाता है, क्योंकि ऐसा करने से शरीर में शुगर का अवशोषण धीरे-धीरे होता है और अचानक ब्लड शुगर स्पाइक का खतरा कम हो जाता है. डायबिटीज के मरीजों को मैंगो जूस अवॉइड करना चाहिए. आम को हमेशा स्लाइस करके या छोटे टुकड़ों में खाना चाहिए. इसके साथ प्रोटीन या फाइबर युक्त फूड्स जैसे दही या नट्स लेना भी फायदेमंद हो सकता है, जिससे ब्लड शुगर का स्तर संतुलित रहता है. आम खाते समय मात्रा और गुणवत्ता दोनों पर ध्यान देना जरूरी है. बहुत ज्यादा पके हुए आम में शुगर की मात्रा अधिक हो सकती है, इसलिए संतुलित पका हुआ आम चुनें.
एक्सपर्ट की मानें तो शुगर के मरीज सावधानी के साथ आम खा सकते हैं, लेकिन नियमित रूप से ब्लड शुगर मॉनिटर करना भी जरूरी है, ताकि शरीर की प्रतिक्रिया समझी जा सके. आमतौर पर शुगर के मरीजों के लिए एक दिन में लगभग 100 से 150 ग्राम आम खाना सुरक्षित माना जाता है. सही समय पर और संतुलित डाइट के साथ आम खाना ज्यादा बेहतर है. सबसे जरूरी बात यह है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए किसी भी बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह लेना हमेशा बेहतर होता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें