Last Updated:
डायबिटीज में किसी चीज से पूरी तरह परहेज करने से ज्यादा जरूरी है, सावधानी के साथ सेवन. ऐसे में यदि आप डायबिटीज मरीज हैं और आम खाना चाहते हैं, तो पहले यहां सही मात्रा और समय के बारे में जान लीजिए.
गर्मी का मौसम आते ही आम का स्वाद लोगों को अपनी ओर लुभाने लगता है. लेकिन आम को फलों का राजा इसके स्वाद के लिए नहीं बल्कि साथ ही साथ पोषक तत्वों से भरपूर होने के लिए कहा जाता है. इसमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन A और C तथा नेचुरल शुगर होता है. वैसे तो सेहत के लिए इसका सेवन फायदेमंद है, लेकिन डायबिटीज में इसे खाते समय सावधानी जरूरी है और परहेज भी अगर आपके डॉक्टर इसकी सलाह देते हैं.
वैसे तो विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज के मरीज आम खा सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में और कुछ सावधानियों के साथ.क्योंकि आम में मौजूद नेचुरल शुगर फ्रुक्टोज खून में शुगर का लेवल बढ़ा सकती है. हालांकि, आम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स मध्यम होता है, जिसका मतलब है कि सही मात्रा में खाने पर यह ब्लड शुगर को अचानक नहीं बढ़ाता. लेकिन यदि इसे ज्यादा मात्रा में खाया जाए तो इसका ग्लाइसेमिक लोड बढ़ जाता है, जिससे शुगर का प्रभावित हो सकता है.
1 दिन में कितना आम खा सकते हैं
डायबिटीज के मरीजों को आम हमेशा पूरे फल के रूप में खाना चाहिए. आम का जूस, शेक या आमरस पीने से बचना चाहिए क्योंकि इनमें फाइबर कम होता है और शुगर तेजी से शरीर में अवशोषित हो जाती है.एक दिन में लगभग आधा से एक छोटा आम (80 से 100 ग्राम) खाना सुरक्षित माना जाता है, बशर्ते कि डायबिटीज कंट्रोल हो.
आम को किन फूड्स के साथ नहीं खाना चाहिए
आम को चावल, पूरी, मिठाई या अन्य अधिक कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थों के साथ नहीं खाना चाहिए. यदि भोजन में आम शामिल किया जाए तो रोटी या चावल की मात्रा कम कर देनी चाहिए. विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि आम को दही, मेवे, उबले अंडे या पनीर जैसे प्रोटीन और स्वस्थ वसा वाले खाद्य पदार्थों के साथ खाया जाए. इससे शुगर का अवशोषण धीमा होता है.
आम खाने का सही समय
आम खाने का समय भी डायबिटीज में शुगर पर असर करता है. इसलिए आम को किस समय खाए इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक आम को भोजन के बीच में, व्यायाम के बाद या शाम के हल्के नाश्ते के रूप में खाना बेहतर होता है. लेकिन हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया देता है. इसलिए जिन लोगों की डायबिटीज नियंत्रित नहीं है, उन्हें आम खाने के बाद अपने ब्लड शुगर स्तर की निगरानी करनी चाहिए.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.