Last Updated:
Watermelon and Food Poisoning: तरबूज खाने के बाद फूड पॉइजनिंग के अब तक कई मामले सामने आ चुके हैं. कई लोगों को लगता है कि तरबूज फूड पॉइजनिंग का सबसे बड़ा कारण है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो तरबूज में ऐसा कुछ नहीं होता है, जिससे लोगों की तबीयत खराब हो. अगर तरबूज या किसी भी फल को गर्मी में ज्यादा देर तक काटकर रख दिया जाए, तो उसमें बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिसकी वजह से फूड पॉइजनिंग हो सकती है. यह रिस्क सभी फलों में होता है.
तरबूज काटने के बाद कई घंटों तक रखा जाए, तो उसमें बैक्टीरिया पनप जाते हैं, जिससे तबीयत बिगड़ती है.
Watermelon and Food Poisoning: गर्मी के मौसम में तरबूज को सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इसमें 90% से ज्यादा पानी होता है. यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसका स्वाद भी लाजवाब होता है. यही वजह है कि गर्मियों में लोग खूब तरबूज खाते हैं. हालांकि इस सीजन में अब तक तरबूज खाने से फूड पॉइजनिंग के कई मामले सामने आ चुके हैं. कुछ लोगों की मौत के मामले भी सामने आए हैं. ऐसे में लोग तरबूज खाने से डरने लगे हैं. कई लोगों को लगता है कि तरबूज खाएंगे, तो इससे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो सकते हैं. अब सवाल है कि तरबूज में आखिर ऐसा क्या है, जिससे फूड पॉइजनिंग हो जाती है?
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डिपार्टमेंट के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोड़ा ने News18 को बताया तरबूज में ऐसा कुछ नहीं होता, जिससे फूड पॉइजनिंग हो. इस वक्त ह्यूमिडिटी और गर्मी बहुत ज्यादा है. इस मौसम में अगर आप किसी भी फल को काटकर कई घंटों तक रखेंगे, तो उसमें बैक्टीरिया पनप जाएंगे. ऐसी कंडीशन में उस फल को खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है. यह बात सिर्फ तरबूज पर ही नहीं, बल्कि अन्य सभी फलों पर भी लागू होती है. तरबूज में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जिसकी वजह से इसे काटकर रखने पर बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. अगर कोई व्यक्ति कई घंटों या 1-2 दिन तक काटकर रखा हुआ फल खाएंगे, तो इससे फूड पॉइजनिंग हो सकती है. गर्मी में कटे हुए फल खाने से बचना चाहिए.
डॉक्टर अरोड़ा के मुताबिक कई बार फल ज्यादा पक जाते हैं और अंदर से गलने लगते हैं. इस कंडीशन में उन फलों में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. जब लोग इन फलों को खाते हैं, तो उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं पैदा हो जाती हैं. ऐसे फलों को फ्रिज में भी रखने से कोई फायदा नहीं है, क्योंकि बैक्टीरिया पहले से मौजूद हैं, तो फ्रिज में भी उनकी संख्या लगातार बढ़ती रहेगी. इसके अलावा अगर आप फलों को बिल्कुल साफ पानी से नहीं धोएंगे, तो पानी में मौजूद बैक्टीरिया भी उस पर चिपक सकते हैं, जिससे तबीयत खराब होने का रिस्क बढ़ जाता है. गंदा चाकू या प्लेट भी फूड पॉइजनिंग की वजह बन सकती है. ऐसे में लोगों को गर्मी में मौसम में खानपान में विशेष ध्यान रखना चाहिए.
एक्सपर्ट की मानें तो लोगों को तरबूज काटने के बाद उसे तुरंत खा लेना चाहिए. अगर तरबूज काटने के बाद अंदर से गला हुआ निकले या उसका स्वाद ठीक न हो, तो उसे नहीं खाना चाहिए. फल काटने वाला चाकू साफ होना चाहिए और प्लेट भी साफ होनी चाहिए. अगर आप फल को सही तरीके से धोकर काटें और उसे फ्रिज में कुछ घंटे ही रखें, तो उसे खाने से नुकसान नहीं होगा. कटे हुए फलों को ज्यादा देर तक फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. 2-3 दिन के बाद फ्रिज में रखी ज्यादातर चीजें खराब हो जाती हैं. इस बात का ध्यान रखना चाहिए. अगर कोई चीज खाने के बाद तबीयत बिगड़े, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें