Last Updated:
प्रभास और अमिताभ बच्चन स्टारर ‘कल्कि 2898 एडी’ ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में दो बड़े खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. बेस्ट पॉपुलर फिल्म और बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन का नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद डायरेक्टर नाग अश्विन का बड़ा बयान सामने आया है. नाग अश्विन ने कहा कि उनके लिए किसी फिल्म की नकल करना नहीं, बल्कि भारतीय जड़ों से जुड़ी एक अनोखी दुनिया बनाना ही सबसे बड़ी चुनौती थी, उन्होंने कबूल किया कि अगर फिल्म दर्शकों के दिलों से नहीं जुड़ती, तो यह उपलब्धि अधूरी लगती.
डायरेक्टर नाग अश्विन ने जाहिर की अपनी खुशी. (फोटो साभार: Instagram@nag_ashwin)
नई दिल्ली. फिल्ममेकर नाग अश्विन की प्रभास स्टारर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ साल 2024 में आई थी. इस मूवी ने रिलीज होते ही भारतीय सिनेमा में ग्रैंड वर्ल्ड-बिल्डिंग और वीएफएक्स के नए मानक स्थापित कर दिए थे. अब 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में दो बड़े सम्मान अपने नाम करने के बाद निर्देशक नाग अश्विन का बयान सामने आया है. बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट और बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स का नेशनल अवॉर्ड मिलने पर खुशी जताते हुए नाग अश्विन ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बहुत खास है.
आईएएनएस के साथ बातचीत नाग अश्विन ने कहा, ‘मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी टीम एक साथ दो अलग-अलग चुनौतियों को पूरा करने में सफल रही. एक तरफ फिल्म के लिए इतने बड़े स्तर की दुनिया तैयार करनी थी, जिसमें बहुत सारे सीन और तकनीकी काम शामिल थे, वहीं दूसरी तरफ उस दुनिया को दर्शकों के लिए भावनात्मक रूप से समझने और उससे जुड़ने लायक बनाना था. फिल्म को मिले दोनों तरह के प्यार ने इस सम्मान को उनके लिए और खास बना दिया है.’
दर्शकों से नहीं जुड़ती तो अधूरी लगती उपलब्धि
फिल्ममेकर ने कहा, ‘जब लाखों लोग फिल्म से जुड़ते हैं, हमारी बनाई गई दुनिया को पसंद करते हैं और किरदारों से प्यार करने लगते हैं, तो यह सबसे संतोष देने वाली बात होती है. अगर फिल्म केवल तकनीकी रूप से बड़ी होती, लेकिन दर्शकों के दिल तक नहीं पहुंचती, तो उसकी उपलब्धि अधूरी लगती. हमारे लिए तकनीक और भावनात्मक जुड़ाव दोनों का साथ आना ही ‘कल्कि 2898 एडी’ की बड़ी खासियत है.’
साल 2018 में भी मिला नेशनल अवॉर्ड
नाग अश्विन के लिए यह दूसरा मौका है जब उनके काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. इससे पहले उन्हें 2018 में आई फिल्म ‘महानती’ के लिए बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला था. कीर्ति सुरेश की मुख्य भूमिका वाली ‘महानती’ में दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस सावित्री की जिंदगी को पर्दे पर दिखाया गया था. अब ‘कल्कि 2898 एडी’ के जरिए नाग अश्विन के नाम दो और राष्ट्रीय सम्मान जुड़ गए हैं.
View this post on Instagram