Last Updated:
Skin Infection: मध्य प्रदेश में अजनार नदी की गंदगी साफ करते-करते सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही अब खुद बीमार हो गए हैं. उन्हें स्किन में भयंकर इंफेक्शन हो गया है. कुछ सोशल मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वे अस्पताल में भी कुछ दिन भर्ती हुए. बिट्टू तबाही पिछले कुछ महीनों से मीडिया की सुर्खियों में हैं. गंदे पानी में गंदगी साफ करना खतरे से खाली नहीं है. सामान्य इंसान भी अगर गंदे पानी में जाए तो उसे स्किन में कई तरह का इंफेक्शन हो जाता है. इस बारे में हमने डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अमित बांगिया से बात की.
बिट्टू तबाही को इंफेक्शन. Photo: sarcasmicgag के इंस्टाग्राम पेज से साभार.
Skin Infection: सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही पिछले कई महीनों से मध्यप्रदेश की अजनार नदी में गंदगी साफ कर रहे हैं. जब से बिट्टू तबाही गंदी नदी को साफ करने में लगे हैं, तब से सोशल मीडिया पर उनकी काफी चर्चा है. लेकिन बिट्टू को इस बात का दुख है कि इतना होने के बावजूद लोग गंदगी करने से बाज नहीं आते. इसलिए वे अब भी रोजाना इस गंदी नदी को साफ करने में लगे रहते हैं. लेकिन अब उन्हें इसका खामिया भुगतना पड़ा है. गंदे पानी में रोजाना उतरने की वजह से बिट्टू को भयंकर इंफेक्शन का शिकार होना पड़ा है. कुछ सोशल मीडिया तस्वीरों में उन्हें अस्पताल में देखा जा रहा है. उनके हाथ और पैरों की स्किन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है. गंदे पानी में जाने से स्किन की कौन सी बीमारी होती है, इस बारे में हमने बांगिया स्किन एंड लेजर क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ. अमित बांगिया से बात की.
कई तरह के इंफेक्शन का खतरा
डॉ. अमित बांगिया ने बताया कि जब आप सामान्य तौर पर भी गंदे पानी में भी उतरेंगे तो आपको कई तरह के स्किन इंफेक्शन का खतरा होगा. गंदे पानी में एक नहीं सैकड़ों तरह के बैक्टीरिया होते हैं जो न सिर्फ स्किन बल्कि पूरे शरीर में इंफेक्शन फैला सकते हैं. हमें नहीं पता कि बिट्टू तबाही को कौन सा स्किन इंफेक्शन हुआ है लेकिन आमतौर पर अगर किसी को गंदे पानी से स्किन इंफेक्शन होता है तो इसके लिए दो बैक्टीरिया ज्यादा जिम्मेदार होते हैं. ये हैं स्टैफिलोकोकस और स्ट्रेप्टोकोकस बैक्टीरिया. ये स्किन पर मामूली कट, खरोंच या नमी के जरिए ये स्किन अंदर प्रवेश करके इंफेक्शन फैलाते हैं. इन बैक्टीरिया के इंफेक्शन से स्किन के नीचे सूजन बनने लगती है जिसकी वजह से इसमें से पस निकलने लगता है. अगर इंफेक्शन ज्यादा हो तो यह सेल्युलाइटिस में बदल जाता है. सेल्युलाइटिस खतरनाक इंफेक्शन है जो बैक्टीरियल इंफेक्शन को गंभीर कर देता है. इसमें स्किन लाल, गर्म और सूजा हुआ महसूस होता है. इसमें दर्द भी काफी होता है.
स्किन कटी है तो न जाएं पानी में
गंदे पानी में इंफेक्शन का असर उस व्यक्ति में ज्यादा होता है जिसकी स्किन में कहीं भी कट या घाव या फोड़ा, फुंसी होती है. वहां से बैक्टीरिया सीधे खून में प्रवेश कर जाते हैं. अगर इंफेक्शन गंभीर हो जाए तो यह स्किन के पहले लेयर को छेदकर अंदर चला जाता है और सॉफ्ट टिशू को अपना शिकार बना लेते हैं. इसके बाद डीप टिश्यू इंफेक्शन हो जाता है. इसमें स्किन के एकदम अंदरुनी हिस्सों में बैक्टीरिया पहुंच जाता है और वहां टिशू को नुकसान पहुंचाने लगता है. डॉ. अमित बांगिया ने बताया कि अगर लेप्टोस्पायरोसिस, ई. कोलाई या हेपटाइटिस के बैक्टीरिया होते हैं तो इंफेक्शन शरीर के अंदरुनी हिस्सों में पहुंच जाता है. इस कारण अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ सकती है. अगर कोई लगातार गंदे पानी या मिट्टी में रहता है तो कचरे से दूषित घाव के जरिए बैक्टीरिया शरीर के अंदर पहुंच जाता है. गंभीर स्थिति में यह टेटनस का कारण भी बन जाता है. कुछ बैक्टीरिया त्वचा या आंखों के म्यूकोसा के जरिए शरीर में प्रवेश करता है. इससे बुखार, बदन दर्द और आंखों में जलन हो सकता है. इसमें जॉन्डिस भी हो सकता है.
गंदे पानी में इंफेक्शन से कैसे बचें
डॉ. अमित बांगिया ने बताया कि पहला तो यह कि गंदे पानी में जाना ही नहीं चाहिए. हमलोग तो बारिश के पानी में भी जाने से मना करते हैं. लेकिन यदि आपको गंदे पानी में जाना ही है तो पूरी तरह से सुरक्षित होकर जाएं. आपको पैरों में लंबे बूट्स पहनना चाहिए और हाथों में लंबे ग्लव्स लगाना चाहिए. पूरी तरह से प्रोटेक्टिव गीयर लगाकर गंदे पानी में उतरना चाहिए. अगर आपकी स्किन में कहीं कटा-फटा हो बिल्कुल पानी में न उतरे. छींटों से बचने के लिए फेस शील्ड या सेफ्टी गॉगल्स का उपयोग करें और हाथ गंदे होने पर चेहरे, आंखों या मुंह को न छुएं. गंदे पानी से बाहर निकलने के बाद साबुन से पूरे शरीर को साफ करना चाहिए. सफाई के बाद एंटीसेप्टिक सॉल्यूशन का इस्तेमाल करें. डॉक्टर से सलाह से टेटनस का टीका लगाते रहे.
About the Author
With 20 years of extensive experience in Hindi journalism, Lakshmi Narayan is a distinguished media professional and digital team leader at Network18, managing edit…
और पढ़ें