Last Updated:
फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी की फिल्म हनुमान अंश अपनी साफ-सुथरी और फैमिली फ्रेंडली कहानी के कारण सुर्खियों में है. विशाल का कहना है कि महंगे टिकटों या बड़े प्रमोशन के बिना, यह फिल्म सिर्फ परिवारों की वजह से चली.
नई दिल्ली. फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी अपनी फिल्म हनुमान अंश को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. फिल्ममेकर का मानना है कि दर्शकों को साफ-सुथरे, फैमिली फ्रेंडली कंटेंट की जरूरत है, जिसे हर उम्र के लोग एक साथ बैठकर देख सकें. फिल्म ‘हनुमान अंश’ के रिस्पॉन्स के बारे में बात करते हुए विशाल ने कहा कि इसकी सफलता की बड़ी वजह वो परिवार थे, जो बच्चों और दादा-दादी के साथ थिएटर में फिल्म देखने आए थे.
विशाल का कहना है कि उनकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ महंगे टिकटों या बड़े प्रमोशन की वजह से नहीं चली, बल्कि परिवार के एक-साथ देखने की वजह से चली है. उन्होंने दिल्ली का एक किस्सा शेयर करते हुए कहा, “दिल्ली में कैंसर से जूझ रहे बच्चों के लिए हमने फिल्म की स्क्रीनिंग रखी थी. फिल्म देखने के बाद उन बच्चों ने चिट्ठी लिखकर कहा कि ढाई घंटे के लिए वो अपना दर्द भूल गए थे. कई दादा-दादी ने मुझे बताया कि उनके पोते-पोतियों ने कहा, ‘दादाजी, आप फिल्म में आ गए हैं.’ ये सब सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगता है.”
हिंसा और गाली-गलौज पर सवाल
फिल्मों में बढ़ती हिंसा और गाली-गलौज पर सवाल उठाते हुए विशाल ने कहा, “सारी फिल्में एडल्ट हो गई हैं और उनमें इतनी हिंसा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया जा रहा है. मैं कहता हूं कि आप साफ-सुथरी फिल्में क्यों नहीं बना सकते? आप परिवार के लिए फिल्म क्यों नहीं बना सकते? मुझे लगता है कि हमारी फिल्म का टिकट साइज बड़ा है और टिकट के दाम भी काफी ज्यादा हैं, लेकिन इनमें से किसी भी वजह से हमारी फिल्म नहीं चली है.’
परिवार की वजह से
‘हमारी फिल्म परिवारों की वजह से चली है. कभी-कभी वो अपने बच्चों के साथ जाते हैं और दूसरी बार अपने दादाजी को भी साथ ले आते हैं. अगर मैं जाऊंगा तो मैं अपने बच्चे को ले जाऊंगा. मेरा बच्चा दादाजी को ले जाएगा और दादाजी अपने भाई और पत्नी को ले जाएंगे. इसी तरह से फिल्म चली है और ये संभावना सभी फिल्मों के साथ है.”
About the Author
वर्षा पिछले 9 सालों से डिजिटल मीडिया की दुनिया में सक्रिय हैं. वह वर्तमान में News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। बॉलीवुड की चमक-दमक से लेकर ओटीटी की नई दुनिया और टीवी इंडस्ट्री की हलचल तक, …
और पढ़ें