Last Updated:
Bael Sharbat benefits: आधुनिक जीवनशैली में जहाँ लोग पैक्ड और प्रिजर्वेटिव वाले जूस की तरफ भाग रहे हैं. वहीं, बघेलखंड का यह पारंपरिक बेल शरबत पूरी तरह केमिकल-फ्री और 100% प्राकृतिक है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे तैयार करने में मात्र एक मिनट का समय लगता है जिससे कामकाजी लोग भी इसे आसानी से अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं.
Bael Sharbat benefits: बाजार में मिलने वाले रंग-बिरंगे कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस के बीच बघेलखंड का पारंपरिक बेल शरबत एक बार फिर लोगों की पसंद बनता जा रहा है. स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल माना जाने वाला यह देसी ड्रिंक न सिर्फ शरीर को तरोताजा रखता है बल्कि कई स्वास्थ्य समस्याओं में भी फायदेमंद माना जाता है. खास बात यह है कि इसे तैयार करने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती. केवल दो आसान स्टेप्स में तैयार होने वाला बेल का जूस आज गांवों से लेकर शहरों तक लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन रहा है.
एक मिनट में तैयार हो जाता है बेल का शरबत
लोकल 18 से बातचीत में पिछले 20 वर्षों से होम्योपैथिक फिजीशियन की प्रैक्टिस कर रहीं डॉ. शशि द्विवेदी ने बताया कि बाजार में कई तरह की ड्रिंक्स उपलब्ध हैं लेकिन उनमें मौजूद कृत्रिम तत्व स्वास्थ्य के लिए उतने लाभकारी नहीं होते. ऐसे में बेल का शरबत एक प्राकृतिक और बेहतर विकल्प साबित हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बेल फल को बीच से दो हिस्सों में काट लें. इसके बाद अंदर मौजूद गूदे को निकालकर छलनी में अच्छी तरह दबाएं और उसका रस अलग कर लें. बस इतना करते ही बेल का जूस तैयार हो जाता है.
शुगर मरीज भी कर सकते हैं सेवन
बेल में प्राकृतिक रूप से मिठास मौजूद रहती है इसलिए शुगर के मरीज चाहें तो बिना अतिरिक्त चीनी मिलाए भी इसका सेवन कर सकते हैं. वहीं सामान्य लोग अपने स्वाद के अनुसार इसमें चीनी या गुड़ मिला सकते हैं. यह पेय न सिर्फ स्वादिष्ट लगता है बल्कि शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व भी उपलब्ध कराता है. बेल को आयुर्वेद में भी बेहद महत्वपूर्ण फल माना गया है. इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. इसके अलावा कैल्शियम और पोटेशियम जैसे आवश्यक तत्व भी इसमें मौजूद रहते हैं. यही वजह है कि इसे पोषण से भरपूर फल माना जाता है. नियमित रूप से सीमित मात्रा में इसका सेवन शरीर की कई जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकता है.
पाचन से लेकर हाइड्रेशन तक कई फायदे
विशेषज्ञों का कहना है कि बेल का शरबत पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करता है. कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं से परेशान लोगों के लिए यह काफी लाभकारी माना जाता है. साथ ही यह शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है. इसके अलावा यह कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में सहायक माना जाता है. वहीं, बेल में मौजूद प्राकृतिक गुण शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने का काम करते हैं. बेल के शरबत के फायदे सिर्फ पेट तक सीमित नहीं हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके नियमित सेवन से त्वचा में प्राकृतिक निखार बना रहता है. वहीं, जोड़ों के दर्द की शिकायत में भी इससे राहत मिल सकती है. यही कारण है कि आज भी बघेलखंड के कई घरों में बेल का शरबत पारंपरिक हेल्दी ड्रिंक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें