Pyaari Samajh Gayi Viral Meme: ‘प्यारी, समझ गई?’… ये एक लाइन सुनते ही करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस मुस्कान के पीछे छिपी है 15 साल के डिप्रेशन, तानों और अकेलेपन की कहानी? सोशल मीडिया पर लोगों को हंसाने वाली सुभाष रानी आहूजा उर्फ ‘प्यारी आंटी’ ने हाल ही में अपनी जिंदगी के ऐसे दर्दनाक राज खोले, जिन्हें सुनकर हर कोई भावुक हो गया.
जब यूट्यूबर नीशू तिवारी @inishutiwari ने उनसे पूछा घर छोड़कर पार्क में इंटरव्यू क्यों रखवाया? तो जो सच सामने आया, उसने दिल तोड़ दिया.आंटी ने खुलकर बताया कि उनके पति थोड़े पुरानी सोच के हैं, उन्हें ये सब वीडियो बनाना जरा भी पसंद नहीं है. इसलिए वो घर की बंदिशों से दूर पार्क की हरियाली में सुकून ढूंढती हैं. और यही वजह थी कि उन्होनें घर से दूर पार्क में इंटरव्यू रखावाया.
कैसे बनीं ‘प्यारी समझ गई’ स्टार?
आंटी ने बताया कि कोरोना वाला का समय था जब आंटी पार्क में रोज की तरह झूला झूल रही थीं और एक्सरसाइज कर रही थीं, तभी दो मॉडर्न लड़कियां आईं और उनका मजाक उड़ाने लगीं. लड़कियों ने उनसे कहा कि आप पार्क मत आया करो. इस पर आंटी ने जवाब दिया कि मैं सुबह पार्क आती हूं और शाम को सत्संग जाती हूं, कोरोना मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता. जब लड़कियां फिर भी नहीं मानीं, तो आंटी के मुंह से अचानक ही निकल गया ‘प्यारी, समझ गई?’ और फिर क्या था देखते ही देखते आंटी तो सोशल मीडिया पर छा गईं.
15 साल का डिप्रेशन और समाज के कड़वे ताने
पूरे इंटरव्यू के दौरान आंटी बेहद खुश नजर आ रही थी. उनके हंसी- मुस्कान देख कोई ये नहीं सोच सकता था कि इस हंसी के पीछे की उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक कहानी छूपा होगा. उन्होनें अपनी ये कहानी बड़ी खुशी-खुशी बताई कि करीब 15 साल तक वे भयंकर डिप्रेशन में रहीं. उनके बच्चे मानसिक रूप से बीमार हैं. इस वजह से समाज और रिश्तेदारों ने उन्हें खूब ताने दिए. उनके पति ये कहते थे कि ‘तुमने क्या पैदा कर दिया, पूरे खानदान का नाम खराब कर दिया,’ इन तानों की बेड़ियों से निकले के लिए ही आंटी ने घर से बाहर घूमना शुरू किया. आज वो पार्क में कमाल के ‘एब्स’ वाले वर्कआउट कर लेती हैं, जिसे देखकर अच्छे-अच्छे जवान शर्मा जाएं.
अपनों ने मुंह मोड़ा, पर दुनिया ने दिया प्यार
दुख की बात ये है कि आज भी उनकी सगी बहन जो एक टीचर हैं और कुछ रिश्तेदार उनके वायरल होने पर शर्मिंदा महसूस करते हैं और उनसे दूरी बनाकर रखते हैं. लेकिन आंटी कहती हैं कि उन्हें अब किसी बात का फर्क नहीं पड़ता. आंटी का कहना है, ‘भले ही मुझे इस वीडियो से पैसे न मिले हों, लेकिन जो लोगों का प्यार मिला है ना, वो मेरे लिए सबसे बड़ी दौलत है. जो खुशियां मुझे पहले कभी नहीं मिलीं, वो अब मिल रही हैं.’
वाकई, जिन आंटी को अपनों ने पागल कहकर ठुकरा दिया, आज पूरा देश उन्हें ‘प्यारी’ कहकर गले लगा रहा है.